कांग्रेस के प्रत्याशियों की पहली सूची आज घोषित होने की संभावना

भोपाल। विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची गुरुवार को जारी हो सकती है। इसमें करीब 70 से 80 प्रत्याशियों के नाम घोषित होने की संभावना है। वहीं, दिल्ली में बुधवार को प्रत्याशियों के चयन को लेकर दो राउंड में दिनभर बैठकों का दौर चला, जिसमें लगभग सभी 230 सीटों पर केंद्रीय चुनाव समिति ने स्क्रीनिंग कमेटी के साथ प्रत्याशियों पर चर्चा की।

सूत्रों के मुताबिक दिल्ली में कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बुधवार को सुबह से लेकर दोपहर भोजनावकाश और फिर शाम से देर रात तक बैठकों के दौर हुए। सुबह की बैठक में शेष 51 सीटों पर स्क्रीनिंग कमेटी के साथ बातचीत की गई। इसके बाद वाले सत्र में केंद्रीय चुनाव समिति ने सभी 230 सीटों के प्रत्याशियों पर कमेटी के अलावा प्रदेश कांग्रेस के सभी नेताओं से एक-एक सीट के बारे में चर्चा की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने देर शाम को संकेत दिए कि गुरुवार को पहली सूची जारी हो सकती है। सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस की पहली सूची में 70 से 80 प्रत्याशी होंगे। इनमें मौजूदा करीब 46 विधायकों के अलावा 2013 विधानसभा चुनाव में 5000 से कम मतों के अंतर से हारे प्रत्याशियों में से अधिकांश को शामिल किया जाएगा। साथ ही कुछ पूर्व सांसदों व पूर्व विधायकों को भी पहली सूची में टिकट मिल सकता है।