पांच साल बाद कांग्रेस के वचन पत्र में सिर्फ गाय-नर्मदा-मंदिर के जोड़े गए नए अध्याय

प्रदेश में बीते पन्द्रह सालों से सत्ता से दूर कांग्रेस ने इस बार चुनाव में पूरी ताकत लगा रखी है। इसके लिए इस बार पार्टी के ओर से काफी पहले से तैयारी कर दी गई थी , लेकिन चुनावी समय आते -आते सभी तैयारियां धरी रह गई। फिर चाहे प्रत्यााशी चयन का मामला हो या फिर पार्टी के वचन पत्र का। हालांकि इस बार कांग्रेस ने भाजपा से पहले ही वचन पत्र जारी कर दिया है, लेकिन उसकी

स्थिति नई बोतल में पुरानी शराब जैसी है। इस बार जारी किए गए वचन पत्र में कुछ बिंदुओं को छोड़ दिया जाए जो उसमें अधिकांश घोषणाएं बीते चुनाव के दौरान जारी किए गए घोषणा पत्र के ही हैं। खास बात तो यह है कि इसमें कुछ घोषणाएं तो आम आदमी की समझ से बाहर हैं। इनमें पत्रकारों को लेकर जो घोषणाएं हैं, उससे अधिक सुविधाएं तो पहले से ही मिल रही हैं। यह बात अलग हैं कि कांग्रेस के वचन-पत्र 2018 पर साल 2013 के घोषणा पत्र की छाप होने के बाद भी उसमें की गई घोषणाओं की संख्या तीन गुना अधिक हो गई है। इसमें हर वर्ग को छूने की कोशिश भी की गई, लेकिन कुछ ऐसी घोषणाएं भी कर डाली हैं, जो मौजूदा सरकार में जारी हैं। इस बार पार्टी के स्लोगन को सबकी यही पुकार, कांग्रेस इस बार की जगह – अब वक्त है बदलाव का कर दिया गया है। इस बार जो अलग दिख रहा है वह है राम, मंदिर, नर्मदा और गाय जैसे विषय , जो पहले कभी कांग्रेस की घोषणाओं में शामिल नहीं रहे हैं।
2018 के वचन पत्र और 2013 के घोषणा पत्र में यह है अंतर
किसान
वचन-पत्र: इस बार ज्यादा फोकस किसानों पर किया गया है। दो लाख तक कर्ज माफ और बिजली बिल आधा करने का वचन दिया गया है। कृषकों के आपराधिक व राजनीतिक मामले भी वापस लिए जाएंगे।
घोषणा-पत्र: किसानों का कर्ज माफ करने की बात की गई थी लेकिन ये सीमा 50 हजार रूपए थी। किसानों पर फर्जी प्रकरण खत्म किए जाएंगे।
युवा
वचन-पत्र: युवा नीति बनेगी। युवा आयोग का गठन करेंगे। बेरोजगारों को सहभागिता राशि के रूप में 4 हजार रूपए महीने दिए जाएंगे।
घोषणा-पत्र: नई युवा नीति बनाई जाएगी। युवाओं को रोजगार के लिए खाली पड़े सरकारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाएगी। रोजगार कॉल सेंटर स्थापित किए जाएंगे।
विद्यार्थी
वचन-पत्र: 12वीं में 70 प्रतिशत अंक आने पर लैपटॉप देने का वचन। जिला स्तर पर 10 मैरिट होल्डर को दो पहिया वाहन दिया जाएगा। छात्राओं को पीएचडी तक शिक्षा निशुल्क
घोषणा-पत्र: 12वीं में 75 प्रतिशत नंबर आने पर लैपटॉप, दूर पढऩे वाले छात्रों को ढाई हजार यात्रा व्यय, तकनीकी कॉलेज में पढऩे वालों को टेबलेट
महिला
वचन-पत्र: बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे, महिला स्वसहायता समूहों के बकाया कर्ज समाप्त होंगे। रोजगार के लिए कर्ज, पुलिस परिसर में सेवा केंद्र, हेल्प लाइन, स्टाम्प शुल्क में छूट
घोषणा-पत्र: महिलाओं को आर्थिक रूप से संपन्न बनाने रियायती दर पर लोन, संपर्क योजना के तहत मां-बेटी को टेलीफोन, समग्र महिला नीति
स्वास्थ्य
वचन-पत्र: हर व्यक्ति को गुणवत्तपूर्ण इलाज की सुविधा, जिला अस्पताल पर नर्सिंग, पैरामेडिकल कोर्स, सभी विकासखंडों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, टेली मेडिसिन की व्यवस्था
घोषणा-पत्र: प्रसूता प्रोत्साहन राशि 1500 रुपए, दूरवर्ती अंदरूनी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की वृद्वि, मेडिकल कॉलेजों को और सुविधायुक्त बनाया जाएगा।
व्यापमं
वचन-पत्र: व्यापमं को खत्म कर भर्ती के लिए कर्मचारी चयन आयोग की नई व्यवस्था की जाएगी।
घोषणा-पत्र: व्यापमं की प्रक्रिया से भर्ती नहीं की जाएगी, पीएससी के जरिए भर्ती प्रक्रिया की जाएगी
परिवहन
वचन-पत्र: परिवहन व्यवस्था को नए सिरे से प्रारंभ करेंगे। नगरों में सिटी बसों की सेवा बेहतर बनाई जाएगी, रात्रिकालीन सिटी बस शुरू करेंगे।
घोषणा-पत्र: परिवहन को सस्ता व नियमित बनाएंगे, ग्रामीण परिवहन पर फोकस, जिला स्तर पर निगरानी
प्रशासन
वचन-पत्र: भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन, वेतन विसंगति को दूर करेंगे।
घोषणा-पत्र: भ्रष्टाचार के मामलों में त्वरित व सख्त कार्रवाई, कर्मियों की संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक होगा।
शिवराज सरकार की घोषणाओं का जवाब
* कन्यादान योजना की तरह बेटी की शादी के लिए 51 हजार रुपए की सहायता।
* शून्य प्रतिशत ब्याज पर कर्ज के जवाब में कर्जमाफी।
* महिला स्वसहायता समूहों को रियायती दर पर लोन।
* 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विद्यार्थियों को लैपटॉप।
* शिवराज सरकार आवास योजना में घर दे रही है। कांग्रेस आवास अधिकार कानून लाएगी।
* दैनिक वेतनभोगी, सचिव, और सफाईकर्मी नियमित होंगे।
विधान परिषद का गठन
वचन पत्र में सरकार बनने के एक साल के अंदर विधान परिषद का गठन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन 300 से एक हजार रुपए करने की भी घोषणा की गई है।