भाजपा ने जारी किया दृष्टिपत्र, हर वर्ग को लुभाने की कोशिश

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने कांग्रेस के वचन पत्र के जवाब में शनिवार को दृष्टिपत्र जारी किया। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली, पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत तमाम बड़े नेताओं ने पार्टी कार्यालय में दृष्टि पत्र जारी किया। भाजपा अपने घोषणापत्र में महिलाओं, युवा और किसानों के साथ साथ हर वर्ग पर फोकस किया है। घोषणापत्र के लिए भाजपा को 30 हजार से ज्यादा सुझाव मिले थे, इनमें से 700 सुझाव को शॉर्ट लिस्ट किया गया है। समृद्ध एमपी अभियान के तहत बीजेपी को करीब 23 लाख सुझाव मिले हैं। इन सुझावों में से कुछ प्रमुख सुझाव को भाजपा अपने घोषणापत्र में भी शामिल करने का दावा कर रही है।

ऐसा है भाजपा का दृष्टिपत्र
1- फूड प्रोसेसिंग को लेकर यूनिट्स की स्थापना की जाएगी। प्रति क्विंटल की जगह प्रति एकड़ बोनस देने का प्रावधान।
2- युवा और महिला किसानों को लेकर दृष्टि पत्र में विशेष प्रावधान। समृद्ध मध्य प्रदेश के लिए अलग से कॉलम बनाया जाएगा।
3- उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा दिया जाने का वादा।
4- जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जाएंगे।
5- बड़े शहरों में मंडियां बनाने, भंडारण सुनिश्चित करने के लिए वेयर हाउस बनाया जाएगा।
6- सोलर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जाएगा।
7- शहरों को फोर लेन सड़कों से जोड़ा जाएगा।
8- केंद्र सरकार की तरह सस्ती दवाइयों के स्टोर प्रदेश में भी खोले जाएंगे।
9- स्मार्ट सिटी की तर्ज पर स्मार्ट गांव विकसित किए जाएंगे।
10- धार्मिक नगरों का सुनियोजित विकास करने का वादा भाजपा ने किया है।

किसानों को गेहूं पर 265 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देगी सरकार
भाजपा ने अपने दृष्टिपत्र में कुछ जरूरी संशोधन किए हैं। भाजपा ने किसानों को खुश करने के लिए गेहंू खरीदी पर 265 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने के साथ ही गेहूं की खरीदी 2100 रुपए प्रति क्विंटल की दरों पर करने का जिक्र अपने दृष्टिपत्र में किया है। इसके अलावा युवाओं, महिलाओं के लिए भी दृष्टिपत्र में कई बातें कही गई हैं।