श्रीलंका की नौसेना ने गिरफ्तार किए 12 भारतीय मछुआरे

रामेश्वरम। श्रीलंका की नौसेना ने रविवार को 12 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार करते हुए दो नौकाओं सहित मछली पकड़ने के 50 जाल भी जब्त कर लिए हैं।तमिलनाडु के रहने वाले इन मछुआरों पर आरोप है कि वह तलाईमन्नार के नजदीक श्रीलंकाई जलक्षेत्र में मछली पकड़ रहे थे।

हाल में श्रीलंका की संसद में एक बिल भी पेश किया गया है जिसमें किसी भी विदेशी ट्रालर के श्रीलंकाई जलक्षेत्र में मछली पकड़ने पर पाबंदी का प्रावधान है।

पुडुचेरी मछुआरा एसोसिएशन के महासचिव एनजे बोस के अनुसार श्रीलंका की नौसेना ने भारतीय मछुआरों की दो नौकाओं सहित मछली पकड़ने के 50 जाल भी जब्त कर लिए हैं। भारतीय मछुआरों को श्रीलंका ने मन्नार के नजदीक कैद कर रखा है।

इन लोगों पर श्रीलंकाई जलक्षेत्र में मछली पकड़ने के अलावा मछली पकड़ने के प्रतिबंधित जाल इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार श्रीलंका की नौसेना पिछले एक हफ्ते से कच्चातिवु क्षेत्र में विशेष निगरानी रख रही थी। गत 23 जनवरी को श्रीलंका की नौसेना ने तमिलनाडु के करीब दो हजार मछुआरों को इस जलक्षेत्र से खदेड़ा था।