अमरनाथ में पहली बार दिखा अद्भुत नजारा, लोगों ने शिवलिंग पर बैठे देखे कबूतर

बालटाल: ज्येष्ठ पूर्णिमा की सुबह जब श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के पंडित अमरनाथ यात्रा की शुरूआत के पहले दिन पवित्र गुफा में आरती करने पहुंचे तो वहां अनोखा संयोग देख हैरान रह गए। पंडितों ने बताया कि उन्होंने पहली बार शिवलिंग पर कबूतर बैठे हुए देखे। अक्सर पवित्र गुफा के अंदर कबूतरों को उड़ते हुए देखा जाता है लेकिन यह अद्भुत नजारा इस बार पहली बार हुआ है।

बता दें कि 28 जून से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा पर इस बार मौसम खलल डाल रहा है। राज्य में लगातार हो रही बारिश और जम्मू में खराब मौसम के कारण शनिवार को यहां से पवित्र अमरनाथ की यात्रा स्थगित कर दी गई।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मौसम प्रतिकूल होने की वजह से जम्मू के भगवतीनगर यात्री निवास आधार शिविर से अमरनाथ श्रद्धालुओं के नए जत्थे को यात्रा की अनुमति नहीं दी गई। इस बीच शुक्रवार को ऊधमपुर में फंसे अमरनाथ यात्रियों के जत्थे को शनिवार की सुबह गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। वहीं मौसम की खराबी के चलते श्री अमरनाथ यात्रियों के भक्तों को शनिवार रियासत के प्रवेशद्वार लखनपुर में रोक लिया गया।