प्रदेश में पौधरोपण नहीं घोटाला रोपण कर रही सरकार: नेता प्रतिपक्ष

भोपाल : मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार ने पिछले साल करोड़ों पौधे लगाने का दावा किया था, लेकिन हकीकत इसके उलट है। जमीन पर सरकार का दावा हकीकत से कोसो दूर है इसको लेकर कांग्रेस ने सरकार भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि पिछले वर्ष गिनीज बुक ऑफ वर्ल्डि रिकॉर्ड के नाम पर पौधरोपण में 500 करोड़ का घोटाला करने वाली भाजपा सरकार ने इस वर्ष फिर इसमें घोटाले के बीज बो रही है। श्री सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार पौधरोपण नहीं घोटाला रोपण कर रही है। जिसकी फसल पूरे प्रदेश में लहलहा रही है, उसे मुख्यमंत्री से लेकर भाजपा कार्यकर्ता तक काट रहे हैं।

अजय सिंह ने कहा कि नर्मदा संरक्षण के नाम पर पिछले साल साढ़े छह करोड़ पौधरोपण का दावा कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज करने की तैयारी सरकार ने की थी। प्रदेश में अन्य राज्यों से कागजों पर पौधे मनमाने दामों पर खरीदे गए। इसकी पुष्टि इससे होती है कि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्डप रिकॉर्ड वालों ने रिकार्ड दर्ज करने से इंकार कर दिया क्योंकि जमीन पर ऐसा कुछ था ही नहीं। श्री सिंह ने कहा कि शिवराज सरकार चुनाव में धनबल का इस्तेमाल करने के लिए अब घोटाला अभियान चलाने में लगी है। इस बार फिर मनमाने दाम पर बाहर के राज्यों से पौधे खरीद रही है।

अजय सिंह ने कहा कि वर्ष 2004-05 से 2017-18 तक 57 करोड़ 30 लाख पौधों का रोपण हो चुका है। शिवराज सिंह चौहान को इन सभी पौधरोपण का सोशल ऑडिट कर उसे सार्वजनिक करना चाहिए।