बावरिया से धक्का-मुक्की का मामला, छह कांग्रेसी पार्टी से बाहर

भोपाल। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया के साथ रीवा प्रवास के दौरान झूमाझटकी के मामले में प्रदेश कांग्रेस ने  अनुशासनहीनता मानते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की है। प्रदेश संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर के अनुसार छह नेताओं को पार्टी से बाहर कर दिया है।  इसके अलावा दो लोगों से सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। प्रदेश कांग्रेस ने कार्रवाई राहुल गांधी की फटकार के बाद की है।
चंद्रप्रभाष शेखर के अनुसार अनुशासनहीनता के चलते पार्टी कार्यकर्ता राजेश सिरमौर, धमेन्द्र तिवारी, बबलू, मानवेंद्र सिंह, नीरज, भास्कर सिंह , मोन जवा और राहुल सिह त्यौंथर को तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है। शेखर ने बताया कि चंद्रधर सिंह जवा और विनोद शर्मा से स्पष्टीकारण मांगा है। इसी तरह मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने बुरहानुपर जिला कांग्रेस के प्रवक्ता अजय उदासीन को अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते प्रवक्ता पद से हटा दिया है।
दीपक बावरिया ने रीवा प्रवास के दौरान कमलनाथ या सिंधिया में से किसी एक को मुख्यमंत्री बनाए जाने का बयान दिया था। जिससे स्थानीय कार्यकर्ता भड़के और बावरिया के साथ झूमाझटकी कर दी। इस घटना पर प्रतिक्रिया करते हुए अजय सिंह ने कहा था जो भी हुआ है, गलत हुआ है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। न तो मैं अराजक हूं और न ही मेरे समर्थक इस तरह का कोई काम कर सकते हैं। यह धक्का-मुक्की किसी भी कांग्रेस कार्यकर्ता ने नहीं की है। वहीं इस मामले पर भाजपा भी सक्रिय नजर आई और गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने मौके पर चौका मारते हुए बावरिया को पत्र लिखकर उनसे अनुरोध किया था कि यदि वह चाहें तो सरकार से अपनी सुरक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। सरकार उन्हें सुरक्षा देगी।