मप्र कांग्रेस चुनाव कमेटी की घोषणा, इन नेताओं को मिली जगह

भोपाल : साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए तैयारियों में जुटी कांग्रेस में लगातार फेरबदल का दौर जारी है, नई टीम के सहारे कांग्रेस प्रदेश में सत्ता वापसी की तैयारी कर रही है| इसी क्रम में आज प्रदेश चुनाव समिति का पुनर्गठन किया गया है। पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने 32 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति में शामिल नामों को मंजूरी प्रदान की है। पार्टी सूत्रों ने बताया है कि जल्द ही प्रदेश चुनाव समिति की बैठक आयोजित की जायेगी जो विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के चयन का काम शुरू कर देगी।  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की अध्यक्षता में कमेटी बनाई गई है| इसमें कई बड़े नेताओं को शामिल किया गया है| पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का भी नाम शामिल किया गया है|

कांग्रेस के संगठन महासचिव अशोक गहलोत द्वारा जारी बयान के मुताबिक चुनाव समिति में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, विधानसभा में विपक्ष के नेता अजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, डॉ. विजयलक्ष्मी साधो, राजमणि पटेल, सुरेश पचौरी, अरुण यादव, इंद्रजीत पटेल, सत्यव्रत चतुर्वेदी, आरिफ अकील, गोविंद सिंह, सुंदर लाल तिवारी, मीनाक्षी नटराजन, सज्जन सिंह वर्मा, उमंग सेंगर, महेंद्र जोशी, गोविंद सिंह राजपूत के अलावा वरिष्ठ नेता राम निवास रावत, बाला बच्चन, सुरेंद्र चौधरी और जीतू पटवारी (सभी कार्यकारी अध्यक्ष) आदि शामिल हैं।