दिग्विजय सिंह का बयान सी ग्रेड फिल्म के आइटम सांग जैसा – सारंग

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजसिंह द्वारा कमलनाथ सरकार गिराने के लिए भाजपा द्वारा विधायकों को 100-100 करोड़ के ऑफर के आरोपों को लेकर सियासी घमासान मच गया है। इसे लेकर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा ने इसे दिग्विजय सिंह का आइटम सांग बताते हुए आरोपों को साबित करने की चुनौती दी है। वहीं कांग्रेस विधायक बैजनाथ कुशवाह ने भी कहा कि उन्हें एक ढाबे पर ले जाकर 100 करोड़ का ऑफर दिया गया था।
गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से चर्चा में ये दावा किया था भाजपा पर कमलनाथ सरकार गिराने के लिए विधायक को 100 करोड़ रुपये का प्रलोभन देने का आरोप लगाया है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा को सत्ता की आदत हो गई है और वो विपक्ष में नहीं बैठ पा रही है, इसलिए कमलनाथ सरकार को गिराने की साजिश रची जा रही है। नरोत्तम मिश्रा, विश्वास सारंग और मैहर से विधायक नारायण त्रिपाठी ने उनकी पार्टी के विधायक बैजनाथ कुशवाह को शहर के बाहर एक ढाबे पर ले जाकर उन्हें मंत्री बनाने और 100 करोड़ का ऑफर दिया।
इस पर भाजपा विधायक विश्वास सारंग ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। सारंग ने कहा कि दिग्विजय सिंह वरिष्ठ नेता हैं, ऐसी ओछी राजनीति उन्हें शोभा नहीं देती। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह के आरोप किसी सी ग्रेड फिल्मी के आइटम सांग की तरह है। दिग्विजय सिंह ने जो आरोप लगाए उसके सबूत पेश करें। वो ढाबे का नाम बताएं, वहां कर्मचारी होंगे उन्हें लेकर आए.. अगर ढाबे पर ले गए तो किसी ने तो देखा होगा.. उसे सामने लेकर आए। हवा में बात करना बंद करें दिग्विजय सिंह। सारंग ने दिग्विजय सिंह को आरोप साबित करने की चुनौती दी।
इसी तरह भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि देश की राजनीति में 2-3 ऐसे नेता हैं जो फिजूल के बयान देकर सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं। मणिशंकर अय्यर और दिग्विजय सिंह ऐसे ही नेता हैं जो सनसनीखेज बयान देकर मीडिया में सुर्खियां बटोरते हैं। लेकिन सच्चाई ये है कि इनकी पार्टी ही इन्हें गंभीरता से नहीं लेती, तो जनता क्यों लेगी।
इधर बैजनाथ कुशवाह ने भी दिग्विजय सिंह के आरोपों को सही बताते हुए कहा कि उन्हें ढाबे पर ले जाकर ऑफर दिया गया था। साथ ही उन्हें मंत्री पद का भी ऑफर दिया गया था।