रायपुर. छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद प्रदेश कांग्रेस का नेतृत्व बदलने जा रहा है। पिछले पांच वर्ष से अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री बन जाने के बाद पार्टी को इसकी जरूरत महसूस हुई है। पिछले दिनों राजीव भवन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी कहा था, अब कोई अन्य साथी यह जिम्मेदारी संभाले।
उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व को अपनी मंशा बता दी थी। अब यह लगभग तय हो गया है कि कांग्रेस किसी आदिवासी नेता को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देने जा रही है। सीतापुर विधायक और आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत भगत को अध्यक्ष का पद मिलना लगभग तय माना जा रहा है।
पिछले सप्ताह राजधानी के सर्किट हाउस में आदिवासी कांग्रेस की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी इसकी ओर इशारा कर दिया था। महंत ने कहा था कि अमरजीत को ऐच्छिक पद मिले, इसकी शुभकामनाएं। कहा जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस के लगभग सभी वरिष्ठ नेता भगत के नाम पर सहमत हैं।
मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किए जाने से नाराज भगत ने अपने क्षेत्र में जाने से ही इनकार कर दिया था। उनको प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देने का भरोसा मिलने के बाद दो दिन पहले वे सीतापुर लौटे। बताया जा रहा है कि बुधवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करने वाले हैं। उस दौरान भगत को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की बात पर चर्चा होगी। अगर राहुल गांधी की मंजूरी मिल जाती है तो जल्दी ही प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा हो जाएगी।
आदिवासी नेता ही क्यों?
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आदिवासी समुदाय प्रदेश का बड़ा मतदाता वर्ग है। पिछड़ा वर्ग के बाद उनकी आबादी सबसे ज्यादा है। कांग्रेस ने पिछड़ा वर्ग के भूपेश बघेल को मुख्यमंत्री बना दिया है। ऐसे में आदिवासी समाज को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देकर सोशल इंजीनियरिंग की कोशिश होगी।
बसपा ने बनाया, भाजपा में भी तैयारी
बसपा प्रमुख मायावती ने चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा के बाद 14 दिसम्बर को ही आदिवासी नेता हेमंत पोयाम को प्रदेश अध्यक्ष बना दिया था। विधानसभा चुनाव के समय ओ.पी. वाचपेयी बसपा के अध्यक्ष थे। वहीं भाजपा में भी प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के नेता प्रतिपक्ष बन जाने के बाद नए अध्यक्ष की खोज हो रही है। बताया जा रहा है कि भाजपा भी किसी आदिवासी को अध्यक्ष बनाएगी।