भाजपा की खास निगाह है नाथ सरकार के नए मंत्रियों पर

प्रदेश में कमलनाथ सरकार बनने के बाद से ही भाजपा ने उनके मंत्रिमंडल के नए नवेले मंत्रियों को अपने निशाने पर लेना शुरु कर दिया है। इसके लिए पार्टी की ओर से कुछ खास नेताओं को जिम्मा सौंपा गया है। दरअसल प्रदेश में लंबे समय बाद सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों का जिम्मा ऐसे मंत्रियों को दिया गया है, जो पहली बार मंत्री

बने हैं। गौरतलब है कि वर्तमान कमलनाथ सरकार में मौजूद 29 मंत्रियों में से अनुभवी मंत्रियों की संख्या सिर्फ छह है और पहली बार मंत्री बनने वाले लगभग इनसे चार गुना यानी 22 है। यही वजह है कि मंत्रियों से अपने निर्णयों और सार्वजनिक बयान में होने वाली भूल पर भाजपा ने नजरें गढ़ा रखी हैं। इसका जिम्मा पार्टी ने कुछ प्रवक्ताओं को वरिष्ठ नेताओं को दिया है। पार्टी ने अपनी सोशल मीडिया टीम को भी इस काम में लगाया है। सभी से कहा है कि मंत्रियों से विवादित बयान और उनसे जुड़ी खबरें तेजी से सोशल मीडिया में फैलाएं।
इन मामलों से बढ़ा भाजपा का हौंसला
कांगे्रस सरकार ने मंत्रालय के सामने माह के पहले दिन वंदे मातरम् गान पर रोक लगाई थी लेकिन भाजपा के विरोध के बाद इस सरकार ने यू टर्न लिया और वंदे मातरम् को ज्यादा बेहतर तरीके से आयोजित करने के आदेश जारी कर दिए। उसके बाद शनिश्चरी अमावस्या पर शिप्रा नदी में कीचड़ मेंं स्नान के मुद्दे को भी भाजपा ने भुनाया। भाजपा द्वारा उठाने के बाद सरकार ने तत्काल शिप्रा में शुद्धजल की व्यवस्था की। इन दो घटनाओं ने भाजपा का हौसला बढ़ा दिया है।