रतलाम। शहर के सरकारी अस्पताल मदर एंड चाइल्ड अस्पताल में शनिवार सुबह सामान्य से करीब दो गुना वजनी शिशु ने जन्म लिया। सामान्यत: जन्म के समय शिशु का वजन ढाई से तीन किलो रहता है लेकिन इस बालक का वजन 5 किलो 100 ग्राम पाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक शारीरिक हार्मोंस बदलने व डायबिटीज होने पर संबंधित महिला के शिशु का वजन अधिक होता लेकिन इस मामले में मां को इस तरह की कोई समस्या नहीं थी।
बजरंगनगर निवासी शमीम पति शकील (25) की दूसरी डिलेवरी शनिवार सुबह हुई। स्त्री रोग एवं शिशु विशेषज्ञ डॉ. सोनल ओहरी और एनेस्थेटिस्ट डॉ. पीआर सिंह ने ऑपरेशन किया। करीब डेढ़ घंटे से अधिक समय तक चले ऑपरेशन के बाद महिला ने स्वस्थ और अधिक वजनी बच्चे को जन्मा। अधिक वजन देखकर डॉक्टरों ने थायराइड की आशंका में सभी जांच करवाई लेकिन कोई बीमारी नहीं पाई गई। डॉक्टरों के मुताबिक शिशु पूरी तरह स्वस्थ है। महिला की थायराइड जांची गई लेकिन वह भी सामान्य पाया गया। शमीम की तीन साल की बेटी है जो पूरी तरह सामान्य है। डॉ. सिंह ने बताया शमीम की सोनोग्राफी नहीं हुई थी, जिसकी वजह से यह पता नहीं पता चल पाया कि गर्भ में इतना वजनी बच्चा पल रहा है। दोनों को ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।