भोपाल/मंगल भारत। मध्यप्रदेश देश का ऐसा चौथा
राज्य बन चुका है, जहां पर अब तक पांच करोड़ लोगों को वैक्सीन दिया जा चुका है। इनमें से पहला डोज लगवाने वालों की संख्या 4 करोड़ 69 लाख तो दूसरा डोज लेने वालों की संख्या 93 लाख हो गई है। इसमें भी खास बात यह है कि बीते 55 दिनों में किए गए वैक्सीन को देखा जाए तो अब प्रदेश में हर दिन औसतन नौ लाख लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है। बीते रोज प्रदेश में कुल 5 लाख 81 हजार से अधिक लोगों का टीकाकरण किया गया है। अगर बीते रोज के आंकड़ों पर नजर डालें तो भोपाल व राजगढ़ में सर्वाधिक 27-27 हजार से अधिक डोज लगाए गए। इस मामले में बुधवार को इंदौर दूसरे स्थान पर रहा है।
इंदौर में 23 हजार लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इंदौर प्रदेश का पहला ऐसा शहर बन चुका है, जहां पर पहले डोज का सौ फीसदी लक्ष्य पाया जा चुका है। पहले डोज के मामले में भोपाल दूसरे स्थान पर है। भोपाल में अब तक पहला डोज का लक्ष्य 92 फीसदी तक हासिल कर लिया गया है।