कमलनाथ की पांच गारंटी को घर-घर पहुंचाएगी यूथ कांग्रेस

कर्नाटक का फार्मूला मध्य प्रदेश में किया गया लागू.

मंगल भारत।मनीष द्विवेदी। प्रदेश में अब विधानसभा चुनाव के लिए महज चार माह का ही समय रह गया है। ऐसे में कांग्रेस भी अब मैदानी स्तर पर पूरी तरह से सक्रिय होने लगी है। चुनाव के समय सभी एक साथ मैदानी मोर्चा पर पूरी ताकत के साथ पार्टी की जीत में अहम भूमिका निभाए, इसके लिए रणनीति तैयार कर बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए नए-नए प्रयोग किये जा रहे है। अब इसी कड़ी में युवक कांग्रेस को प्रियंका गांधी और प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की पांच गारंटी को घर-घर पहुंचाने का काम सौंपा गया है। जिसमे कांग्रेस की पांच गारंटी योजना के बारे में कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर दस्तक देकर पूरी जानकारी दी जाएगी। दरअसल पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा समय-समय पर घोषणा की गई है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर गैस सिलेंडर 500 रुपए में, किसानों का कर्ज माफ, महिलाओं को 1500 रुपए महीने, पुरानी पेंशन लागू और 100 यूनिट बिजली फ्री और 200 यूनिट का बिल हाफ कर दिया जाएगा। कांग्रेस की इन्हीं घोषणाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए ही इस अभियान को शुरु किया गया है। इस अभियान के तहत ही युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता पूरे एक माह तक मैदानी स्तर पर सक्रिय रहकर हर घर में समृद्धि कार्ड के स्टीकर लगाएगी। इस मामले में युवक कांग्रेस के एक नेता का कहना है कि हम वादे नहीं गारंटी दे रहे हैं। इसे जनता को बताया जाएगा। इसी गारंटी की बात को हर घर तक पहुंचाने के लिए इस अभियान को शुरू किया गया है। उनका कहना है कि आमजन को जब पता चलेगा कि उनके हक की बात हो रही है तो आम जनता हमसे खुद जुडऩा शुरू कर देगी।
कर्नाटक में सफल रहा प्रयोग
दरअसल कांग्रेस द्वारा इस तरह का प्रयोग विधानसभा चुनाव से पहले कर्नाटक में भी किया गया था, जहां यह प्रयोग पूरी तरह से सफल हुआ था। वहां पर भी इसे समृद्धि कार्ड के नाम से ही चलाया गया था। इसी वजह से ही प्रदेश में भी कर्नाटक की तर्ज पर अब समृद्धि कार्ड लांच किया गया है। पीसीसी चीफ एवं पूर्व सीएम कमलनाथ ने इसकी लांचिंग की है। समृद्धि कार्ड के तहत 5 गारंटी मिलेंगी। कार्यकर्ता हर घर पहुंचकर फॉर्म भरवाएंगे और पोस्टर भी लगाएंगे। यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने कहा कि मध्यप्रदेश समृद्धि कार्ड के तहत घर-घर जाएंगे डोर टू डोर कैंपेन करेंगे। 5 गारंटी के बारे में लोगों को जानकारी देंगे। फर्स्ट टाइम वोटर्स को चयनित कर उनसे संवाद करेंगे। वोटर लिस्ट की खामियों को दूर करवाएंगे। फर्जी वोटर्स को हटवाने का काम किया जाएगा। इस दौरान युवाओं के सुझाव लेकर वचन पत्र में शामिल करेंगे।
हर दिन दो सैकड़ा घरों पर देनी होगी दस्तक
युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को अपनी-अपनी विधानसभा में रोजाना 200 घर जाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके साथ ही उन्हें कहा गया है कि वे इस दौरान हर घर में 5 से 7 मिनट का समय जरुर दें और परिवार में से किसी एक व्यक्ति का मोबाइल नंबर भी जरुर लें, जिससे की बाद में भी उनसे सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार संपर्क बनाकर रखा जा सके। इस तरह से हर कार्यकर्ता को एक माह में 4 हजार घरों तक पहुंचने का लक्ष्य दिया गया है। लोगों के घर पहुचने वाले युवा कांग्रेस पदाधिकारी व नेता कांग्रेस की सरकार बनने पर लागू की जाने वाली योजनाओं के बारे में बताएंगे और फॉर्म को भरवाएंगे। फॉर्म में कांग्रेस की 5 योजनाएं शामिल रहेंगी, जो कि 500 रुपए में गैस सिलेंडर, किसानों का कर्ज माफ, 1500 रुपए महीना हर महिला को देना, पुरानी पेंशन योजना लागू करना, 100 यूनिट तक बिजली माफ और 200 यूनिट तक बिजली बिल आधा करना है। फॉर्म नीचे की तरफ इन योजनाओं को लेकर ऑप्शन दिया गया है, जिन पर लोगों से टिक करवाने के बाद नीचे वाले हिस्से को फाडक़र युवा कांग्रेसी अपने पास रख लेंगे।