शिव को दे सकते हैं मिर्ची बाबा चुनावी चुनौती

शिव को दे सकते हैं मिर्ची बाबा चुनावी चुनौती.

कांग्रेस के समर्थक रहे मिर्ची बाबा इस बार चुनाव में सपा के टिकट पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ उतर सकते हैं। इसके लिए उनकी सपा प्रमुख अखिलेश यादव से चर्चा होने की बात सामने आ रही है। इस बीच पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सपा नेता रामगोपाल यादव के बीच भी फोन पर बातचीत हुई। सूत्रों के मुताबिक अब सपा कई सीटों पर कांग्रेस के पक्ष में उम्मीदवार वापस ले सकती है। कई सीटों पर उम्मीदवार बदले भी जाएंगे। बिजावर से सपा अब पूर्व बीजेपी एमएलए रेखा यादव को उतारेगी। अटेर से भी पार्टी अशोक यादव को हटाकर एक पूर्व बीजेपी एमएलए को टिकट देने की तैयारी में है।

दो आईपीएस अफसरों को हाईकोर्ट का नोटिस
हाईकोर्ट ने राजनीतिक दबाव में झूठी एफआइआर दर्ज कर गिरफ्तार करने के आरोप संबंधी मामले में जवाब-तलब कर लिया है। न्यायमूर्ति विवेक अग्रवाल की एकलपीठ ने इस सिलसिले में जबलपुर के पूर्व एससपी अमित सिंह व सिद्धार्थ बहुगुणा सहित सात पुलिस अधिकारियों को नोटिस जारी किए हैं। याचिकाकर्ता जबलपुर निवासी अधिवक्ता अंकित श्रीवास्तव ने सुनवाई के दौरान दलील दी कि उनके परिवार को कृषि भूमि रजिस्टर्ड इलेक्ट्रॉनिक पंजीकृत वसीयत के जरिए प्राप्त हुई थी। लेकिन पुलिस ने वसीयत को कागजी बताकर झूठी एफआइआरद दर्ज कर ली। यही नहीं इस मामले में उनके 77 वर्षी बुर्जुग पिता अरुण श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया।

प्रदर्शन करने पर विधायक मोरवाल पर एफआईआर
प्रदेश में चुनावी माहौल के बीच कांग्रेस दावेदारों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। टिकट वितरण को लेकर नाराज कार्यकर्ता पार्टी का विरोध कर रहे हैं। इसी बीच बडऩगर विधायक मुरली मोरवाल पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। उन्होंने पीसीसी चीफ कमलनाथ के निवास के बाहर कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन किया था। इस मामले में विधायक समेत 50 समर्थकों पर मामला दर्ज गया है। दरअसल, उज्जैन के बडऩगर विधानसभा से कांग्रेस ने विधायक मुरली मोरवाल का नाम काट कर राजेंद्र सिंह सोलंकी को उम्मीदवार बनाया है। उनके समर्थकों ने रविवार को कमलनाथ के बंगले के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं ने खुद पर डीजल डाल लिया था।

आचार संहिता के बीच चार अफसरों के तबादले
राज्य शासन ने चार आईएएस अफसरों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। नगरीय विकास एवं आवास विभाग में पदस्थ उप सचिव वीएस कोलसानी को प्रबंध संचालक मप्र जल निगम बनाया गया है। इसी तरह शिवराज सिंह वर्मा को उप सचिव नगरीय विकास एवं आवास विभाग में पदस्थ गया है। अभी तक सामान्य प्रशासन विभाग ने किसी विभाग की जिम्मेदारी नहीं सौंपी थी। नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी को राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम में प्रबंध संचालक बनाया गया है। मंत्रालय में उप सचिव वंदना शर्मा को वाणिज्यिक कर विभाग में उप सचिव पदस्थ किया गया है।