महिलाओं को नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण देगी भाजपा : जेपी नड्डा

आइजोल। मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा अध्यक्ष

जेपी नड्डा ने विजन डॉक्यूमेंट 2023 जारी किया। जिसमें भाजपा ने कई घोषणाएं की हैं। जारी विजन डॉक्यूमेंट के मुताबिक, भाजपा ने सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कही। साथ ही एमएनएफ सरकार की सामाजिक कल्याण योजना की जांच का भी वायदा किया गया।

विजन डॉक्यूमेंट जारी करते हुए जेपी नड्डा ने कहा, हम इसे वास्तविकता का दस्तावेज बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। अन्य दलों के घोषणा पत्र महज कागज के टुकड़े हैं। भाजपा विस्तृत शोध के साथ विजन डॉक्यूमेंट को तैयार करती है। विजन डॉक्यूमेंट के प्रमुख बिंदुओं को बात करते हुए उन्होंने कहा, अगर भाजपा की सरकार बनती है तो राज्य के कृषि बुनियादी ढांचे को पुनर्जीवित करने के लिए 1,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। साथ राज्य की पहली पूर्ण महिला पुलिस बटालियन-‘मिजोरम हमीचियेट बटालियन’ की स्थापना करेगा।

जेपी नड्डा ने संबोधन के दौरान कहा, अगर भाजपा सत्ता में आई तो राज्य के युवाओं में नशीली दवाओं की लत को रोकने के लिए ‘ऑपरेशन ड्रग-फ्री मिजोरम’ भी शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा मिजोरम और असम के बीच लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद को सुलझाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। भाजपा ने सरकारी स्कूलों के सुधार के लिए 250 करोड़ रुपये और नए सरकारी कॉलेजों के निर्माण और मौजूदा कॉलेजों के सुधार के लिए 350 करोड़ रुपये के बजट का भी वादा किया। ‘मिजोरम ओलंपिक मिशन’ के जरिए खिलाड़ियों के लिए अग्रणी राज्य बनाने का वादा किया। इन पहलों में एक खेल अकादमी और विभिन्न विषयों में इच्छुक खिलाड़ियों के लिए पूरी तरह से वित्त पोषित छात्रवृत्ति शामिल होगी।