मैं मानता हूं, सरकार ने कर्ज लिया पर प्रदेश के विकास के लिए

मैं मानता हूं, सरकार ने कर्ज लिया पर प्रदेश के विकास के लिए.

वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने विधानसभा में वर्ष 2023-24 के लिए 30 हजार 265 करोड़ रुपए का द्वितीय अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया गया। अनुपूरक बजट पर चर्चा के बाद इसे मंजूरी दे दी गई। इसमें मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के लिए 1648 करोड़ रुपए, विद्युत वितरण कंपनियों के लिए उदय योजना में अंश पूंजी के लिए 13 हजार 365 करोड़ और ब्याज अदायगी के लिए 1200 करोड़ रुपए रखे गए हैं। पूंजीगत व्यय के लिए कुल 20 हजार 92 करोड़ रुपए रखे गए हैं। अनुपूरक बजट पर चर्चा का जवाब देते हुए देवड़ा ने कहा कि सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, मैं मानता हूं कि हमने कर्ज लिया है, लेकिन यह कर्ज विकास कार्यों पर खर्च किया गया। यदि राशि विकास कार्यों पर खर्च नहीं होती, तो आज प्रदेश बीमारू से विकसित राज्यों की श्रेणी में नहीं पहुंचता, विपक्ष के आरोप बेबुनियाद हैं।

विपक्षी विधायकों को राशि देने में भेदभाव कर रही सरकार: रावत
कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक रामनिवास रावत ने आरोप लगाया कि विपक्ष के विधायकों को क्षेत्र के विकास के लिए राशि देने में राज्य सरकार भेदभाव कर रही है। उन्होंने बजट में दिए गए आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि इसमें सिर्फ भाजपा विधायकों के क्षेत्र को राशि आवंटित की जा रही है। उनका आरोप है कि जहां आप लोग हार गए, वहां की जनता से बदला ले रहे हैं। उन्होंने द्वितीय अनुपूरक बजट पर विपक्ष की ओर से चर्चा की शुरुआत करते हुए कहा कि भाजपा विधायकों से 15-15 करोड़ रुपए के विकास के प्रस्ताव बुलाए गए हैं। उन्हें स्वीकृत किया जा रहा है। कांग्रेस के एक भी विधायक के क्षेत्र में राशि मंजूर नहीं की जा रही है। रावत के इस आरोप का कांग्रेस के तमाम विधायकों ने समर्थन किया।
वीरा राणा को ६ माह की सेवावृद्धि मिलेगी, केंद्र को भेजा पत्र
मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा को छह माह की सेववृद्धि मिलने की संभावना है। राज्य सरकार ने छह माह की सेवावृद्धि का पत्र केन्द्र सरकार को भेज दिया है। केन्द्र सरकार से अनुमति मिलने के बाद राज्य सरकार श्रीमती वीरा राणा को छह माह की सेवावृद्धि दिए जाने का आदेश जारी करेगी। उल्लेखनीय है कि श्रीमती राणा का कार्यकाल आगामी 31 मार्च को समाप्त हो रहा है। उस समय लोकसभा चुनाव के कारण पूरे देश में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू रहेगी। इस कारण प्रदेश सरकार ने मुख्य सचिव को छह माह की सेवावृद्धि देने का प्रस्ताव पहले ही भेज दिया है। संभावना इस बात की है कि राज्य सरकार केंद्र सरकार का प्रस्ताव मान लेगी। यदि ऐसा नहीं होता तो राज्य सरकार को आदर्श चुनाव आचार संहिता से पहले नया मुख्य सचिव नियुक्त करना होगा।

वीडी बोले, राहुल गांधी के पास कोई सोच और विजन नहीं है
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मंदबुद्धि हैं, तभी तो कांग्रेसी कूदकर-कूदकर बीजेपी में आ रहे है, वो मंदबुद्धि नेता के साथ कैसे काम करेंगे, जिसकी काम करने की कोई सोच और विजन ही नहीं है। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा में राज्यसभा चुनाव में ग्वालियर- चंबल के प्रतिनिधित्व पर पूछे सवाल पर कहा कि प्रदेश में 5 राज्यसभा सीटें सुनिश्चित हैं। एक पर कुछ भी हो सकता है। अंचल में सुबह से मुरैना की महापौर शारदा सोलंकी के भाजपा में शामिल होने की अटकलें लग रहीं थी। इस पर प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने कहा कि शारदा सोलंकी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरेंद्र सिंह तोमर मुझसे से मिले हैं। लेकिन जो होगा, वो आपके सामने जल्द आ जाएगा।