आदिवासियों का अपमान करती है कांग्रेस: मुख्यमंत्री

आदिवासियों का अपमान करती है कांग्रेस: मुख्यमंत्री.

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि मुझे बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि कांग्रेस नेता बार-बार आदिवासी समाज का अपमान करते हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के द्वारा भगवान श्रीराम के मंदिर के दर्शन करके जाने के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख नाना पटोले ने कहा कि राम मंदिर को अपवित्र कर दिया है… राम मंदिर को हम गंगाजल से धोएंगे।

शहजादा और फकीर कौन, जानना जरूरी : पटवारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक्स पर लिखा है कि सभी के लिए जानना जरूरी हो गया है कि शहजादा कौन है और फकीर कौन? मोदी दो करोड़ का सूट और डेढ़ करोड़ का चश्मा पहनते हैं। 8400 करोड़ के प्लेन में घूमते हैं। राहुल ने 4000 किमी पदयात्रा की। किसानों के साथ खेतों में उतरे। मैकेनिकों की बात सुनी। ऐसा व्यक्ति शहजादा हो सकता है?

दिल्ली सीएम जेल में पहुंचने के बाद अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के अमित शाह को प्रधानमंत्री बनाने वाले बयान ने सियासत गरमा दी है। इस पर अब भाजपा नेता भी केजरीवाल पर हमलावर है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केजरीवाल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल जी जेल में पहुंचने के बाद अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। अभी बेल पर हैं और केवल चुनाव तक के लिए हैं। उन्होंने कहा कि हम भाजपा ं के लिए राजनीति पद प्राप्ति या स्वार्थों की सिद्धि का माध्यम नहीं है। देश की सेवा के लिए हम राजनीति करते हैं और जनता की भलाई और विकास के लिए हम राजनीति करते हैं। राष्ट्रीय पुनर्निर्माण का महाआंदोलन अभियान है, भारतीय जनता पार्टी जिसके हम सब कार्यकर्ता हैं और पार्टी हमें जो काम देती है उसे पूरी प्रामाणिकता, मेहनत और ईमानदारी से हम करते हैं।

यह एक्सपायरी डेट वाली गारंटी लेकर चुनावी मैदान में, इनके झांसे में ना आएं
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एक बार फिर से भाजपा पर हमला बोला है। दरअसल भारतीय जनता पार्टी इस बार लोकसभा चुनाव में मोदी की गारंटी की बात को लेकर जनता के बीच जा रही है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि इस लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी एक्सपायरी डेट वाली गारंटी लेकर मैदान में है। उन्होंने कहा है कि भाजपा दुनिया की इकलौती ऐसी पार्टी है, जो जिस बात की गारंटी देती है, उसी बात पर यू टर्न मार देती है। इसलिए अपनी अक्ल लगाएं, भाजपा के झांसे में न आएं। भाजपा ने प्रदेश की महिलाओं को 3000 रुपया महीने देने की गारंटी दी थी, लेकिन आज तक पूरी नहीं की। भाजपा ने 450 रुपया में गैस सिलेंडर देने की गारंटी दी थी, लेकिन पूरी नहीं की। भाजपा ने 2700 रुपये क्विंटल गेहूं खरीदने की गारंटी दी थी, लेकिन पूरी नहीं की। भाजपा ने 3100 रुपया क्विंटल धान खरीदने की गारंटी दी थी, लेकिन आज तक पूरी नहीं की। भाजपा ने किसानों का 50000 रुपये तक का कर्ज माफ करने की गारंटी दी थी, लेकिन आज तक पूरी नहीं की। बाकी आप समझदार हैं।