इसी साल से शुरू करना है सिंहस्थ के लिए बड़े काम: सीएम डॉ. यादव

इसी साल से शुरू करना है सिंहस्थ के लिए बड़े काम: सीएम डॉ. यादव.

राज्य सरकार ने उज्जैन में 2028 में होने वाले सिंहस्थ की तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद इसकी तैयारियों पर नजर रखे हुए हैं। सिंहस्थ को देखते हुए सरकार का सबसे ज्यादा फोकस शिप्रा नदी के शुद्धिकरण पर है। मुख्यमंत्री ने सिंहस्थ की तैयारी के संबंध में अधिकारियों से चर्चा में कहा कि बड़े काम इसी साल से शुरू करना है। इसलिए लंबे समय में होने वाले कामों के लिए इसी साल से बजट में राशि का प्रावधान करें। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ की निगरानी के लिए मंत्रिमंडलीय समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें वे स्वयं शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन नगर की जरूरतों और विकास को ध्यान में रखते हुए सिंहस्थ पर केंद्रित कार्यों का क्रियान्वयन किया जाए।

कांग्रेस प्रत्याशी का आरोप, मंत्री सारंग के रिश्तेदार हैं एसीपी
कांग्रेस प्रत्याशी अरुण श्रीवास्तव ने चुनाव आयोग को शिकायत सौंपी है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी के इशारे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे केस लगा कर प्रताडि़त किया जा रहा है। यही नहीं नरेला में पदस्थ एसीपी सुनील श्रीवास्तव को मंत्री विश्वास सारंग का रिश्तेदार बताते हुए हटाने की मांग की है। कांग्रेस प्रत्याशी का कहना है कि मतगणना से पहले इन्हें नहीं हटाया गया तो ये कार्यकर्ताओं को परेशान करेंगे। आयोग को सौंपी गई शिकायत में श्रीवास्तव ने कहा कि मतदान के पहले नरेला विधानसभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को घर से उठाया गया था। उन पर झूठे प्रकरण दर्ज किए गए। कार्यकर्ता जमानत लेकर अपने घरों पर हैं, लेकिन अब फिर से उन्हें परेशान किया जा रहा है। उनके खिलाफ 107-116 की कार्रवाई के तहत फिर से नोटिस दिए जा रहे हैं, जिससे कार्यकर्ता मानसिक रूप से प्रताडि़त हो रहे हैं।

महिला सुरक्षा को लेकर प्रदेश में बनाई जाए विशेष नीति: जीतू
प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सीएम को पत्र लिखकर सुझाव दिया है कि प्रदेश में महिला सुरक्षा के लिए विशेष नीति बनाई जानी चाहिए। सरकार को अगले 30 दिन में एक एक्शन प्लान बनाना चाहिए। पटवारी ने सरकार पर तंज कसा कि उनकी व्यक्तिगत रुचि सिर्फ विपक्षी नेताओं पर एफआइआर कर पॉक्सो एक्ट लगाने में है। वहीं सीएम पर गृहमंत्री पद का मजाक बनाते हुए अपराधों पर नियंत्रण नहीं होने के आरोप लगाए।

पूर्व मंत्री पवैया की पोस्ट, जो खो गया मैं उसको भुलाता चला गया?
जो मिल गया उसी को मुकद्दर समझ लिया, जो खो गया मैं उसको भुलाता चला गया, मैं जिंदगी का साथ निभाता चला गया…, साहिर लुधयानवी द्वारा लिखा गया ये गीत इस समय सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। दरअसल पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया ने इसे अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट किया है। 49 सेकंड के इस वीडियो का कैप्शन उन्होंने बस यूं ही दिया है। इस पोस्ट पर कांग्रेस अब तंज कस रही है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ राम पांडे का कहना है कि वर्तमान समय में भाजपा के मूल कार्यकर्ताओं की यही मनोदशा है, जिसे वह डायरेक्ट ना बोलकर सोशल मीडिया पर फिल्मी गीत या कविताएं लिखकर जाहिर कर रहे हैं। पवैया बीजेपी के एक मजबूत नेता रहे हैं, लेकिन विधानसभा चुनाव में उनका टिकट काटकर सिंधिया समर्थक को दे दिया गया। वहीं लोकसभा चुनाव में भी उनका टिकट काट दिया। जिसके चलते उनके मन में बहुत सारा दर्द है।