अपनों को ठगने वाले महाठग हैं केजरीवाल: शिवराज

अपनों को ठगने वाले महाठग हैं केजरीवाल: शिवराज .

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान फिलहाल लोकसभा चुनाव प्रचार के सिलसिले में दिल्ली में हैं। यहां पर उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को एक बार फिर निशाने पर लिया और उन्हें ऐसा महाधोखेबाज शख्स बताया, जिसने अपनों को भी ठगने में कसर नहीं छोड़ी। बुधवार को शिवराज ने अरविंद केजरीवाल को लेकर कहा कि ऐसा कोई सगा नहीं, जिसे केजरीवाल ने ठगा नहीं। वह न सिर्फ करप्शनवाल हैं, बल्कि नटवरलाल भी हैं। जो दूसरों को ठगे वो ठग लेकिन जो अपनों को ठगे वो महाठग। इन्होंने किस-किसको नहीं ठगा। आदरणीय अण्णा हजारे, प्रशांत भूषण समेत नेताओं की एक श्रंखला है, जिन्हें केजरीवाल ने धोखा दिया है। यह केवल संयोग नहीं है। उन्होंने कुमार विश्वास के साथ क्या किया ? योगेंद्र यादव के साथ क्या किया ? अब स्वाति मालीवाल का नंबर है।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने उप मुख्यमंत्री से मांगा इस्तीफा
भिंड जिले के गोहद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक केशव देसाई के बड़े भाई का हार्ट अटैक से निधन हो गया। विधायक का आरोप है कि भाई को अस्पताल में इलाज और एंबुलेंस तक नहीं मिली। एमएलए के भाई की मौत पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री और डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल का इस्तीफा मांगा है। डॉ. सिंह ने कहा है कि मैं उप मुख्यमंत्री और राज्य के स्वास्थ्य चिकित्सा मंत्री राजेश शुक्ल से अनुरोध करना चाहता हूं। कि वह इस मामले को खुद देंखे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से मरीजों को पहुंचाने की बात करते हैं, लेकिन गोहद विधायक केशव देसाई के 64 वर्षीय भाई के इलाज के लिए गोहद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोई डॉक्टर नहीं मिला है। उन्हें हार्ट अटैक हुआ, तड़प-तडप कर उनकी जान चली गई। एंबुलेंस मौजूद नहीं थी। डायल 100 को बुलाया तो उसने आने से मना कर दिया। इस तरह का खिलवाड़ एक विधायक के भाई के साथ हुआ।

प्रदेश के कर्ज पर सरकार श्वेत पत्र जारी करे: पटवारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी राज्य सरकार पर लगातार निशाना साध रहे हैं। उन्होंने डॉ. मोहन यादव से मांग की है कि प्रदेश पर कितना कर्ज है, इसका श्वेत पत्र जारी किया जाए। साथ ही उन्होंने शंका जाहिर करते हुए कहा कि 3 लाख 73 हजार करोड़ के कर्ज में डूबी प्रदेश सरकार देश के दूसरे राज्यों में मौजूद एमपी के अलग-अलग विभागों की संपत्ति बेचने और उसे किराए पर देने की तैयारी कर रही है। वित्त विभाग ने सभी विभागों को पत्र लिखकर जानकारी भी मांगी है। पूछा जा रहा है कि किस राज्य में कितनी संपत्ति किस रूप में है, उसका मूल्य क्या है? अगर किसी प्रॉपर्टी का कोर्ट में केस चल रहा है, किसी तरह का विवाद है तो इसकी भी जानकारी दी जाए। मीडिया रिपोट्र्स बता रही है कि इस कवायद का मकसद प्रदेश के बाहर मौजूद विभिन्न विभागों की संपत्ति का डेटा जुटाना है। ताकी, उसे बेचकर या किराये पर देकर राशि जुटाई जा सके। संपत्ति के मौजूदा स्वरूप की जानकारी देने के साथ, उसके मौजूदा मूल्य की जानकारी भी चाही गई है।

अक्षय बम की तलाश के जगह -जगह चिपके पोस्टर, इनाम भी घोषित
कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए अक्षय बम की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। बीते रोज कांग्रेस ने पूरे शहर में ‘अक्षय बम वांटेड’ के पोस्टर ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा और रेलवे स्टेशन, सरवटे बस स्टैंड के अलावा कई जगह चिपकाए। दरअसल 17 साल पुराने मामले में अक्षय बम का गिरफ्तारी वारंट निकल चुका है। शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने बताया अक्षय बम कांग्रेस का भगोड़ा लोकसभा उम्मीदवार है। उस पर धारा 307 का आरोप भी है। अक्षय बम की सूचना देने वाले को 5100 रुपए का नकद इनाम और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। यादव ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।