एनटीए में व्यापमं से भी बड़े घोटाले, कांग्रेस ने की सीबीआई जांच की मांग

एनटीए में व्यापमं से भी बड़े घोटाले, कांग्रेस ने की सीबीआई जांच की मांग.

देश भर में मेडिकल प्रवेश के लिए नीट कराने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को मध्यप्रदेश कांग्रेस ने व्यापमं से बड़े घोटाले वाली संस्था बताया है। कांग्रेस का आरोप है कि एनटीए की कोई भी परीक्षा नीट एंड क्लीन नहीं है। सभी में घोटाले ही घोटाले हैं। 50 लाख युवाओं के साथ इस संस्था ने विश्वासघात किया है। नीट सहित एनटीए द्वारा अब तक ली गई समस्त परीक्षाओं को रद्द कर सभी की जांच तत्काल सीबीआई को सौंपी जाना चाहिए। नीट परीक्षाओं में सामने आई गड़बडिय़ों को लेकर प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने मीडिया से चर्चा में कहाकि एनटीए ने व्यापमं से भी बड़ा घोटाला किया है। हमारे पास 2024 में हुए नीट के पेपर घोटाले के पुख्ता सबूत हैं। दो परीक्षार्थियों के 720 में से 719 और 718 नंबर आए हैं जो इस मार्किंग स्कीम में असम्भव हैं। परीक्षा में बेतहाशा ग्रेस मार्कर्स बिना किसी सक्षम आदेश के बांटे गए हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इन घोटालों से भविष्य बिगड़ने पर मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में युवा आत्महत्या जैसा कदम उठा चुके हैं।

हार पर कहा- पैसे बांटे गए जिससे जनता बहक गई: कमलनाथ
मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का इस बार सूपड़ा साफ हो गया। पार्टी एक भी सीट जीतने में नाकामयाब रही है। राज्य में करारी हार के बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद कहा कि हमने हमने मध्य प्रदेश और देश की राजनीतिक परिस्थिति पर चर्चा की। देश में क्या हो रहा है? हम देखते हैं कि चंद्रबाबू नायडू और नीतीश कुमार क्या करते हैं? कमलनाथ ने मध्य प्रदेश में हार पर कहा कि प्रशासन और पैसे का दुरुपयोग हुआ, लोगों को काफी पैसे दिए गए मप्र में, जिससे जनता बहक गई। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बात करेंगे? इस पर कमलनाथ ने कहा कि मैं उनसे बात नहीं करूंगा। अगर भाजपा सोचती है कि नीतीश और नायडू घर बैठ जाएंगे, तो ऐसा नहीं होने वाला है।

मप्र की जनता ने दिया भाजपा को दिया भरपूर आर्शीवाद: वीडी
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में मध्यप्रदेश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर विश्वास जताते हुए भारतीय जनता पार्टी को भरपूर आशीर्वाद दिया है। जनता के आशीर्वाद से ही प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर कमल खिला है और भारतीय जनता पार्टी ने विजय का नया इतिहास बनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एमपी के मन में थे, आज भी हैं और हमेशा रहेंगे। मोदी के नेतृत्व में ही देश तेजी से विकास करेगा।

नीतीश बहुत बुद्धिमान नेता हैं, सारी परिस्थितियों को समझते हैं: शिवराज
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि नीतीश बहुत बुद्धिमान नेता है। सारी परिस्थितियों को ठीक से समझते हैं, उन्होंने बिहार और देश का कल्याण सोच कर ही ये बात कही है और जो उन्होंने कहा है वो बिल्कुल सच है। सभी ने तारीफ की है, फिर चंद्र बाबू नायडू हों या फिर बाकी लोग हों। देखिए, प्रधानमंत्री केवल भाजपा के नेता नहीं है, वो एनडीए के नेता हैं, वो देश के नेता हैं और दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता है। पूर्व सीएम चौहान ने कहा कि ये देशवासियों का सौभाग्य है कि मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। पिछले 10 सालों में उन्होंने देश के विकास और जनता के कल्याण के लिए काम किया है। आज भारत इस स्थिति में पहुंच गया है कि विश्व को दिशा दिखाएगा।