मध्यप्रदेश के प्रत्येक जिले और ब्लॉक में चल रहा सट्टा: नायक

मध्य प्रदेश के प्रत्येक जिले और ब्लॉक में चल रहा सट्टा: नायक.

प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने दावा किया है कि प्रदेश के हर जिले और ब्लॉक में सट्टे की बुकिंग हो रही है। उज्जैन में सटोरियों से 15 करोड़ की जब्ती के मामले में सट्टा कांड का मास्टरमाइंड बिल्डर पीयूष चोपड़ा विदेश भागने की फिराक में हैं। नायक ने चोपड़ा के उज्जैन के भाजपा नेताओं से संबंध का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है, साथ ही चौपड़ा के खिलाफ तत्काल लुकआउट नोटिस जारी करने की मांग की है। नायक ने कहा कि पूरे मालवा समेत पूरे प्रदेश में 20-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप पर सट्टे की बुकिंग हो रही है। इसके लिए यूपीआई के जरिए ऑनलाइन ट्रांजेक्शन हो रहे हैं। मटका सट्टा नाम की वेबसाइट प्रदेश में खुलेआम चल रही है।

कोई भी पत्थर उठाओ नीचे भाजपा के करप्शन का बिच्छू मिलेगा: दिग्विजय
सांसद दिग्विजय सिंह ने राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान पर हमला करते हुए कहा कि मेरे कार्यकाल में वाटरशेड मैनेजमेंट के अंतर्गत पानी रोको अभियान चलाया था, छोटे-छोटे तालाब बनाए गए थे। भाजपा ने अमृत सरोवर बनाए, जिसमें भारी भ्रष्टाचार हुआ। मशीनों से काम किया और पूरे पेमेंट हो गए। अब कोई भी पत्थर उठाओ वहां भाजपा के करप्शन का बिच्छू बैठा हुआ है। दिग्विजय सिंह ने किसान संगठनों द्वारा शिवराज सिंह चौहान को केंद्रीय कृषि मंत्री बनाने के विरोध का जिक्र करते हुए कहा कि मप्र के लोग भलीभांति जानते हैं कि उन्होंने किसानों का कितना भला कियां शिवराज से भाषणबाजी के अलावा मुझे कोई और उम्मीद नहीं है।

कमिश्नर दीपक सिंह का भी बना फेसबुक पर फेक अकाउंट
इंदौर कमिश्नर दीपक सिंह का किसी ने फेसबुक पर फेक अकाउंट बना लिया है। इसकी सूचना स्वयं सिंह ने अपने वास्तविक अकाउंट पर दी। जिसमें उन्होंने कहा कि किसी ने मेरा फर्जी आईडी बना लिया है। कृपया उस अकाउंट से आई फ्रेंड रिक्वेस्ट न लें। इसके बाद उनके अकाउंट पर कमेंट भी कुछ लोगों ने किए कि उन्हें फर्जी अकाउंट से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई है, लेकिन उन्होंने आईडी ब्लॉक कर दी। दीपक सिंह चार महीने पहले ही इंदौर संभागायुक्त बने है। सिंह सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते है। उनके फेसबुक पर चार हजार से ज्यादा फॉलोअर्स है। इसका फायदा उठाते हुए सायबर फ्रॉड करने वाले शातिरों ने उनकी फेसबुक पर फर्जी आईडी बना दी और लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज दी।