बंगाल में ही क्यों होती है चुनाव बाद हिंसा: कविता पाटीदार

गाल में ही क्यों होती है चुनाव बाद हिंसा: कविता पाटीदार.

बीजेपी राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से सवाल किया है कि सिर्फ पश्चिम बंगाल में ही हर चुनाव के बाद हिंसा क्यों होती है? क्यों गरीब कार्यकर्ताओं के घर जलाए जाते हैं और महिलाओं पर अत्याचार होते हैं? बीजेपी सांसद त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद बिप्लब देब के नेतृत्व वाली भाजपा की उस चार सदस्यीय समिति की सदस्य हैं, जो हाल ही में हिंसाग्रस्त पश्चिम बंगाल के हालातों का जायजा लेकर लौटी है। सांसद ने कहा कि वहां पंचायत चुनाव और 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद भी हिंसा हुई थी।

बेढ़ी पड़ाओ बच्चाव पर मंत्री ठाकुर ने अब साधी चुप्पी
शाला प्रवेशोत्सव के कार्यक्रम में बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ की जगह बेढ़ी पड़ाओ बच्चाव का स्लोगन लिखकर सुर्खियों में आईं महिला बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने इस मामले में अब पूरी तरह से चुप्पी साध ली है। 12वीं पास मंत्री ठाकुर द्वारा मंगलवार को शिक्षा जागरूकता रथ पर यह स्लोगन लिखा गया था। यह खबर प्रकाशित होने के बाद बुधवार को मामला जमकर चर्चाओं में रहा। गंधवानी से कांग्रेस विधायक व नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया पर कटाक्ष कर लिखा है ये कैसा नेतृत्व…? क्या प्रधानमंत्री जी को अपनी सरकार में सिर्फ रबर स्टाम्प मंत्री ही चाहिए? जनप्रतिनिधि कैसा होना चाहिए इसका कोई मापदंड तो तय नहीं है, पर कम से कम उसे अक्षर ज्ञान तो होना ही चाहिए। मंत्री तो दो शब्द भी नहीं लिख सकतीं। समझा जा सकता है कि बच्चों ने भी जब उन्हें गलत लिखते देखा होगा तो उनमें क्या भावना आई होगी।

कुलस्ते ने नाराजगी की खबरों का ठीकरा मीडिया पर फोड़ा
मंडला संसदीय क्षेत्र से सातवीं बार सांसद और तीन बार केंद्रीय राज्यमंत्री रहे फग्गन सिंह कुलस्ते ने भाजपा से नाराजगी की खबरों पर सफाई देते हुए मीडिया पर ही ठीकरा फोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मुझे बहुत कुछ दिया है। तीन बार मंत्री बनाने के साथ पार्टी में भी बड़े पद पर रहा हूं। तीन दिन पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री का एक बयान सामने आया था, जिसमें वह यह कह रहे थे कि राज्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव था, लेकिन वह इसके लिए राजी नहीं हुए। अब जब लोकसभा स्पीकर को लेकर उनके नाम की चर्चाएं बताई जा रही हैं, तब वह गोलमोल जवाब देते नजर आ रहे हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर अत्याचार कर रही पुलिस: सिंह
पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार पुलिस का दुरुपयोग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि भिण्ड पुलिस ने हमारे एक कार्यकर्ता की थाने में हाथ पैर बांधकर उल्टा लटकाकर बेरहमी से पिटाई की है। डॉ. सिंह ने आरोप लगाया कि विधानसभा लोकसभाचुनाव और में स्थानीय विधायक द्वारा क्षेत्र के अधिकांश थानों में अपने नजदीकी थाना प्रभारियों को पदस्थ करा लिया है। विधायक शर्मा के इशारे पर इन थाना प्रभारियों द्वारा कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं को झूठे प्रकरणों में फंसाकर जेल में डाला जा रहा है। भिण्ड जिले के पुलिस अधीक्षक मूकदर्शक बने तमाशा देख रहे हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को न्याय देने की बजाय उनको फंसाने में सहयोग कर रहे हैं।