इंदौर:ठगी के मामले में मंदाकिनी को किस्तों में चुकाना होगा पैसा

इंदौर : ठगी के मामले में मंदाकिनी को किस्तों में चुकाना होगा पैसा.

महामंडलेश्वर बनाने के नाम पर 8 लाख 80 हजार रुपए की ठगी करने वाली कथित महामंडलेश्वर मंदाकिनी को हाई कोर्ट से अंतरिम राहत मिली है। कोर्ट ने शर्त रखी है कि मंदाकिनी को किस्तों में आधा पैसा चुकाना होगा। वहीं कोर्ट ने 50 हजार रुपए के मुचलके पर जमानत के आदेश जारी किए हैं। पुलिस ने फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद केस दर्ज किया था। मंदाकिनी ने याचिका में उल्लेख किया कि वह मासूम है। किसी तरह की ठगी नहीं की है। वहीं पुलिस की ओर से कहा गया कि मंदाकिनी ने अपनी साथी अश्विनी के जरिए 8 लाख 80 हजार रु. मोबाइल से ट्रांसफर करवाए थे। कोर्ट ने जमानत आदेश में कहा कि ट्रायल कोर्ट में मुचलके की राशि भरते वक्त 1 लाख जमा कराए जाएं। फिर 1 लाख 10 हजार रुपए तीन महीने के भीतर जमा कराए जाएंगे। उसके अगले तीन महीने में 1 लाख 10 हजार और 1 लाख 20 हजार रु. जमा कराए जाएंगे।

कांग्रेस 13 राज्यों में खाता भी नहीं खोल पाई : चौहान
विस्तारित प्रदेश कार्य समिति की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी 13 राज्यों में खाता नहीं खोल पाई है। इंडी गठबंधन इस चुनाव में पूरी तरह से हारा है, लेकिन कांग्रेस हार के बाद भी जश्न मना रही है। कांग्रेस देश में गलत नैरेटिव सेट करने की कोशिश कर रही है कि वह वह सफल हुई है। भाजपा कार्यकर्ताओं को यह गलत नैरेटिव सेट नहीं होने देना है। सफलता सिर्फ भाजपा को मिली है, सफल सिर्फ भाजपा हुई है। राहुल गांधी ने अग्निवीर को एक करोड़ की आर्थिक सहायता नहीं मिलने का झूठ बोला, एमएसपी को लेकर झूठ बोला, लेकिन जब सदन में एमएसपी के आंकड़े रखे तो चुप हो गए। राहुल गांधी कह रहे हैं कि हमने राम मंदिर आंदोलन को हरा दिया है।

अजा-जजा में भी भाजपा का मत प्रतिशत बढ़ा: वीडी शर्मा
प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोकसभा चुनाव लड़ा और प्रदेश की सभी 29 सीटें जीतकर रिकॉर्ड बनाया। बूथ के कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर ही हम 59.27 प्रतिशत वोट हासिल करने में सफल रहे और 80.56 प्रतिशत बूथों पर हमने जीत हासिल की। अन्य वर्गों के साथ अजा और अजजा वर्ग में भी भाजपा का मत प्रतिशत बढ़ा है। आने वाले समय में हमें उन क्षेत्रों में अपना वोट शेयर बढ़ाने के प्रयास करना है, जहां अभी हमें कम वोट मिले हैं।