तहसीलदार अमिता सिंह की फेसबुक पोस्ट से खड़ा हुआ विवाद

राहुल और प्रियंका पर साधा निशाना.

भोपाल/मंगल भारत। जिले की कुंभराज तहसील में पदस्थ तहसीलदार अमिता सिंह की फेसबुक पोस्ट पर विवाद छिड़ गया है। तहसीलदार अमिता सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्ट की है। जिसमें उन्होंने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को लेकर कहा है कि कैमरा सामने आते ही मुंह छिपाकर लंदन में दारू पी रही हैं। उन्होंने पोस्ट में राहुल खान लिखा। लिखा- बकरे और बीफ खाने वाले ब्राह्मण राहुल खान और वाड्रा परिवार 100 करोड़ हिंदुओं के देश पर राज करने का सपना पाले हैं। अपनी पोस्ट के साथ उन्होंने एक फोटो भी लगाया है। जिसमें प्रियंका गांधी वाड्रा और रॉबर्ड वाड्रा बैठे नजर आ रहे हैं। हालांकि, कुछ देर बाद उन्होंने अपनी पोस्ट डिलीट कर दी। मामले ने तूल पकड़ा लो तहसीलदार अमिता सिंह ने पोस्ट को लेकर कहा कि राजस्व महा अभियान चल रहा है। बार-बार ओटीपी आता रहता है, इसलिए मेरा मोबाइल किसी भी कर्मचारी के पास रहता है, मेरे पास नहीं रहता है।
अशोभनीय पोस्ट, तत्काल हटाएं : अरुण यादव
कांग्रेस नेता अरुण यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- यह अमिता सिंह तोमर हैं जो गुना जिले की कुंभराज तहसील में तहसीलदार पद पर पदस्थ हैं, जिन्होंने बलिदानी परिवार की बेटी प्रियंका जी के खिलाफ अशोभनीय पोस्ट किया है। क्या मुख्यमंत्री मोहन यादव जी इस अशोभनीय पोस्ट को सिविल सेवा आचरण के अनुकूल मानते हैं? अगर नहीं तो इन्हें तत्काल हटाया जाए।
औकात में रहने की दी कांग्रेस न नसीहत
तहसीलदार अमिता सिंह की पोस्ट के बाद कांग्रेस मुखर हो गई है, इस मामले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया सलाहकार केके मिश्रा ने कहा- तहसीलदार हैं, वे अपनी प्रशासनिक औकात में रहकर जो उन्हें जिम्मेदारी है उसे निभाएं। यदि वो समझती हैं कि ज्योतिरादित्य सिंधिया जी को खुश कर वहां नौकरी कर लेंगी, तो उन्हें लंबा प्रशासनिक जीवन निभाना है। कभी भी तकलीफ में आ सकती हैं। महिला हैं, अपने दायरे में काम करें।
सोशल मीडिया पर रहती हैं एक्टिव
पहले भी तहसीलदार अमिता सिंह अपनी कई पोस्ट के जरिए चर्चाओं में रह चुकी हैं। वह अक्सर सोशल मीडिया पर इस तरह की पोस्ट करती हैं। सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। फेसबुक पर उनके 11 हजार फॉलोवर हैं। तहसीलदार अमिता सिंह तोमर टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति में 50 लाख रुपए जीतने के बाद चर्चा में आई थी। साल 2011 में वह कौन बनेगा करोड़पति की हॉट सीट तक पहुंची थीं।