हवा में उड़ रही थी कांग्रेस: चौहान

हवा में उड़ रही थी कांग्रेस: चौहान.

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह चुनाव प्रचार से लौटने के बाद ही यह महसूस कर रहे थे कि भाजपा की शानदार जीत होगी। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर वर्ग के कल्याण जो हो रहे हैं, इसका असर हरियाणा में साफ दिख रहा था। कांग्रेस हवा में उड़ रही थी। भाजपा ने अपने कामों के आधार पर जनता से वोट मांगा और आज जो परिणाम आ रहे हैं, कांग्रेस खिसक कर तीसरे स्थान पर चली गई। भाजपा शानदार जीत के लिए अग्रसर है। हरियाणा में केंद्र की योजनाएं और राज्य सरकार के कल्याणी योजनाएं असर साफ दिख रहा है। कांग्रेस कितना भी कोशिश कर ले समाज को तोडऩे के लिए उनके मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे।

दो सप्ताह बाद फिर सरकार कर्ज के लिए हाथ फैलाकर खड़ी हो गई: सिंघार
प्रदेश सरकार योजनाओं सुचारू रूप से चलने के लिए लगातार कर्ज के बोझ तले दबती जा रही है। सरकार द्वारा 15 दिन के भीतर दूसरी बार कर्ज लेने की प्रक्रिया शुरू हुई है। जिस पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने अपने सोशल साइट एक्स पर लिखा कि दो सप्ताह बाद फिर सरकार कर्ज के लिए हाथ फैलाकर खड़ी हो गई। प्रदेश में जब से मोहन बाबू की सरकार बनी है, वो कर्ज के बोझ तले दबती जा रही है। उन्होंने एक्स पर लिखा है कि इस तरह प्रदेश सरकार पर कुल कर्ज 3 लाख 95 हजार करोड़ से ज्यादा हो गया। सिंघार ने आगे लिखा कि इसके बावजूद सरकार न तो अपने खर्चों में कटौती कर पाई और न आय बढ़ाने के उपाय कर सकी। बढ़ते कर्ज से सरकार ही नहीं दब रही, प्रदेश के हर नागरिक पर भी ये बोझ बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश सरकार कर्ज लेकर घी पीने और कंबल ओढक़र सोने की आदत से भी बाज नहीं आ रही। आखिर ये कर्ज कहां जाकर रुकेगा?

हरियाणा की जनता ने राहुल की जलेबी बना दी: वीडी
हरियाणा में भाजपा की जीत के बाद पार्टी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मीडिया से चर्चा में कहा, राहुल फैक्ट्री में जलेबी बना रहे थे, हरियाणा की जनता ने राहुल की जलेबी बना दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा और जम्मू कश्मीर मे इतिहास रचा गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह की कुशल रणनीति से ये जीत मिली है। इस जीत ने तय कर दिया है की प्रधानमंत्री मोदी पर लोगों का विश्वास है। जनता ने प्रधानमंत्री के गरीब कल्याण और विकास पर भरोसा जताया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश के बयान पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता अपनी हार नाकामी का ठीकरा निर्वाचन पर फोड़ रहे हैं। इस चुनाव ने जातिवाद परिवारवाद को आइना दिखाया है।

श्रीराम पथगमन के कामों की खुद सीएस करेंगे मॉनिटरिंग
प्रदेश के नए मुख्य सचिव अनुराग जैन ने श्रीराम वन गमन पथ को अपनी वर्किंग प्रॉयोरिटी में शामिल किया है। सीएस ने राम वन गमन पथ के विकास को लेकर अब तक हुई कार्रवाई के साथ आगामी कार्यक्रमों को लेकर नियमित समीक्षा करने का फैसला किया है। इसके लिए विभागीय सचिवों की एक कमेटी का गठन भी कर दिया है। यह कमेटी राम वन गमन पथ के कामों की मॉनिटरिंग करेगी। जीएडी ने मुख्य सचिव की प्राथमिकता को ध्यान में रखते हुए एक कमेटी बनाई है। उसके अध्यक्ष मुख्य सचिव अनुराग जैन खुद हैं। इस कमेटी की जो जिम्मेदारी तय की गई है, उसके अनुसार कमेटी श्रीराम पथगमन स्थलों के विकास की इंटीग्रेटेड स्कीम के निर्माण, इसके कार्यों के क्रियान्वयन एवं नियमित समीक्षा के लिए विभागीय सचिवों की समिति काम करेगी।