भाजपा सदस्यता अभियान… जीता मोदी का मन, पीएम ने की तारीफ

भोपाल/मंगल भारत। मध्यप्रदेश भाजपा के संगठन ने सदस्यता
अभियान के दूसरे चरण में 1 करोड़ 50 लाख से अधिक सदस्यों का लक्ष्य पीछे छोड़ते हुए संगठन पर्व में नया इतिहास बना डाला है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि की घोषणा करते हुए कार्यकर्ताओं की मेहनत और लगन को इसका श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में सक्रिय सदस्यता अभियान शुरू हो चुका है, जिसमें भी पार्टी रिकॉर्ड बनाएगी। शर्मा ने बताया कि पार्टी के कार्यकर्ताओं ने माइक्रोप्लानिंग और अथक प्रयासों से 1 करोड़ 50 लाख 28 हजार 107 सदस्य बनाए हैं। इसके लिए उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता जमीनी स्तर पर कार्यरत भाजपा कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है। वहीं, प्रदेश भाजपा के काम की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी तारीफ की है। मध्य प्रदेश के नेताओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान महामंत्री विनोद तावड़े ने बताया कि जब प्रधानमंत्री को उन्होंने मध्य प्रदेश के सदस्यता अभियान की जानकारी दी तो पीएम ने कहा कि मध्य प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव में भी अच्छा काम किया और सदस्यता में भी अच्छा काम किया है। केंद्रीय नेतृत्व ने मध्य प्रदेश की पूरी टीम को बधाई दी।
ऑफलाइन आंकड़े और बढ़ाएंगे सदस्यता संख्या
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिन इलाकों में इंटरनेट या मोबाइल की सुविधा नहीं है, वहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर ऑफ लाइन सदस्यता अभियान चलाया। इन आंकड़ों की पुष्टि के बाद सदस्यता की संख्या और बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि 64871 बूथों पर 1 करोड़ 22 लाख 74 हजार 300 सदस्य ऑनलाइन पंजीकृत किए गए हैं। सदस्यता अभियान के बाद सक्रिय सदस्यता अभियान की शुरुआत हो चुकी है। शर्मा ने बताया कि सक्रिय सदस्य बनने के लिए 100 प्राथमिक सदस्य बनाना अनिवार्य किया गया है, जबकि भाजपा के संविधान में यह संख्या 50 निर्धारित है। शर्मा ने कहा कि सदस्यता अभियान में इंदौर देश के अंदर नंबर एक पर है। छिंदवाड़ा में संगठन का काम सबसे ज्यादा हुआ है। एक लाख से ऊपर छिंदवाड़ा में सदस्य बने हैं। हर जगह सोचने का पैरामीटर अलग-अलग है। मंदसौर दूरस्थ जिले में कार्यकर्ताओं ने काम किया है। उन्होंने बताया कि कौन सा वर्ग कहां जुड़ा सबकी समीक्षा हो रही है। उन्होंने बुधनी में कार्तिकेय के प्रत्याशी बनाने के सवाल पर कहा कि भाजपा में कोई भी चुनाव हो कमल का फूल प्रत्याशी होता है।
आंकड़े एक नजर
प्रदेश में भाजपा की सदस्य संख्या 1 करोड़ 50 लाख, 28 हजार 107 पहुंच गई है। इनमें से 1 करोड़ 22 लाख, 74 हजार 300 सदस्यों अभी तक डिजिटल सदस्यता फॉर्म जमा कर चुके हैं, इनकी संख्या लगातार बढ़ रही है। भाजपा ने हर बूथ पर औसतन 232 सदस्य बनाए हैं। इस मामले में मप्र भाजपा देशभर में अव्वल है। आबादी के अनुपात के आधार पर भी मप्र में भाजपा ने सर्वाधिक सदस्य बनाए हैं। हालांकि कुल सदस्य संख्या के मामले में यूपी में 2 करोड़ सदस्यता के बाद मप्र देश में दूसरे स्थान पर है।
युवाओं और महिलाओं की बड़ी भागीदारी
शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सिर्फ झूठ परोसना ही राजनीति का आधार नहीं हो सकता। भाजपा कार्यकर्ताओं ने परिश्रम और ईमानदारी से सदस्यता अभियान का लक्ष्य पूरा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के 41 लाख कार्यकर्ता हैं, जिनमें से 3 लाख कार्यकर्ता पूरी तरह से इस अभियान में जुटे थे। भाजपा के सदस्यता अभियान में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, उद्यमी और विभिन्न वर्गों के लोग जुड़े हैं। 60% से अधिक सदस्य युवा हैं, और लगभग 17 हजार थर्ड जेंडर व्यक्तियों ने भी सदस्यता ग्रहण की है।