देशहित में जरूरी है दंगाइयों की कुटाई… बोले भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी

देशहित में जरूरी है दंगाइयों की कुटाई… बोले भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी.

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने बहराइच में हाल ही में हुई हिंसा और एनकाउंटर के संदर्भ में मीडिया से बातचीत की। नकवी ने कहा कि बलवाइयों की कुटाई और दंगाइयों की ठुकाई समाज की सुरक्षा के लिए जरूरी है। बहराइच में हालिया हिंसा के दौरान कई लोगों के बीच झड़पें हुईं, जिससे स्थानीय प्रशासन और पुलिस को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इस हिंसा के परिणामस्वरूप कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई, जिसके चलते स्थानीय पुलिस ने नियंत्रण स्थापित करने के लिए कार्रवाई की। इसमें कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया और एक एनकाउंटर भी हुआ। नकवी ने कहा, अगर समाज को सुरक्षित करना है, तो इस तरह के बलवाई और दंगाईयों की ठुकाई और कुटाई देश के हित में है। उन्होंने सुरक्षा बलों की कार्रवाई को समाज में शांति स्थापित करने और दंगाइयों को कड़ी सजा देने के लिए आवश्यक बताया। भाजपा नेता ने बलवाइयों और दंगाइयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा, “हमारा समाज जब तक सुरक्षित नहीं होगा, तब तक विकास और शांति संभव नहीं है। नकवी ने यह स्पष्ट किया कि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाने से ही समाज में स्थिरता और सुरक्षा स्थापित की जा सकती है।

पटना: आईएएस संजीव हंस और पूर्व विधायक गुलाब यादव गिरफ्तार
भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी संजीव हंस और पूर्व विधायक गुलाब यादव को प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में श्वष्ठ की टीम ने संजीव हंस को पटना स्थित उनके सरकारी आवास गिरफ्तार किया है तो वहीं, गुलाब यादव को दिल्ली के एक रिसॉर्ट से अरेस्ट किया गया है। बता दें कि हंस 1997 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं। ईडी के अनुसार संजीव हंस ने पंजाब के मोहाली और कसौली में करोड़ों की बेनामी संपत्ति खरीद रखी है। उन्हें ईडी ने करोड़ों की संपत्ति अर्जित करने के मामले में ही अरेस्ट किया है। संजीव हंस के साथ जिन गुलाब यादव की गिरफ्तारी हुई है, वह दिल्ली में उनके करीबी सहयोगी रहे हैं। ईडी ने बिहार स्पेशल विजिलेंस यूनिट के साथ जो जानकारी साझा की है, उसके मुताबिक 14 सितंबर को मामला दर्ज किया गया था।

पुतिन बोले…यूक्रेन से जंग खत्म करने के लिए मोदी के लगातार प्रयास सराहनीय
16वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पूर्व रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को कहा कि यूक्रेन से युद्ध समाप्त करने के लिए समयसीमा निर्धारित करना मुश्किल है। इस दौरान उन्होंने यूक्रेन युद्ध पर चिंता जताने और समाधान निकालने के प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। पुतिन ने कहा कि पीएम मोदी ने हमेशा संघर्ष के स्थायी और शांतिपूर्ण समाधान के लिए सभी हितधारकों के साथ संवाद व कूटनीति के महत्व पर जोर दिया है। इसके साथ ही रूसी राष्ट्रपति ने यूक्रेन की मदद करने वाले पश्चिमी देशों को चेतावनी भी दी। पुतिन ने कहा कि उनके खिलाफ यूक्रेन की मदद करने वाले देश ठीक नहीं कर रहे हैं। मॉस्को में विदेशी पत्रकारों के एक समूह से बातचीत के दौरान पुतिन ने कहा कि रूस के साथ युद्ध में यूक्रेन का समर्थन अमेरिका और पश्चिमी देश कर रहे हैं।

बहराइच हिंसा: 30 आरोपियों के मकानों पर चलेगा बुलडोजर , चिपके नोटिस
बहराइच जिले की महसी तहसील क्षेत्र के महाराजगंज कस्बे में हुई हिंसा के मुख्य आरोपी अब्दुल हमीद के घर पर जल्द ही योगी सरकार का बुल्डोजर चलने जा रहा है। शुक्रवार की शाम लोकनिर्माण विभाग द्वारा इनके घर पर अतिक्रमण को लेकर नोटिस चस्पा की गई है। यदि तीन दिनों में इनके द्वारा इसका जवाब न दिया गया तो पूरे घर को ध्वस्तीकरण करने की कार्रवाई होगी। इसके साथ ही यहां के करीब 30 घरों पर यह नोटिस चस्पा हो रही है। ऐसे में इन सभी के खिलाफ बुल्डोजर एक्शन होना तय माना जा रहा है। यह सभी इस हिंसा में शामिल आरोपियों के ही घर बताए जा रहे है। वहीं इस मामले में लापरवाही मिलने पर एएसपी को भी हटाने की तैयारी है। जबकि तहसीलदार को डीएम कार्यालय अटैच कर दिया गया है। शुक्रवार की शाम पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड की टीम ने महाराजगंज गांव में हिंसा के नामजद आरोपी अब्दुल हमीद सहित करीब 30 घरों की नापजोख की है। उनके अवैध होने व अतिक्रमण हटाने का नोटिस भी चस्पा की गई है। सूत्रों के अनुसार औपचारिकताएं पूरी कर शीघ्र इन पर बुलडोजर की कार्यवाही की जा सकती है।