फरवरी के पहले सप्ताह में होगी बड़ी प्रशासनिक सर्जरी

गृह, पीडब्ल्यूडी सहित कई विभागों को मिलेंगे नए प्रमुख सचिव

भोपाल/मंगल भारत। मप्र में आईएएस अधिकारियों के बड़े तबादले की एक और सूची बनकर तैयार है। संभावना जताई जा रही है कि फरवरी के पहले सप्ताह में कभी भी यह सूची जारी हो सकती है। इस बार की सूची में मैदानी अफसरों के साथ ही मंत्रालय में भी बड़े स्तर पर सर्जरी होगी। बताया जा रहा है कि कई विभागों के प्रमुख सचिव और अपर मुख्य सचिव बदले जाएंगे। मंत्रालय सूत्रों ने बताया कि कुछ जिलों के कलेक्टर बदलने का निर्णय राजनीतिक वजह से नहीं हो पाया है, जिनमें ग्वालियर-चंबल संभाग के ही 4 जिले शामिल हैं। इसी तरह महाकोशल एवं इंदौर संभाग के भी दो जिले बताए जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जापान से लौटने के बाद आईएएस अधिकारियों की यह सूची जारी की जाएगी। इस सूची में आधा दर्जन जिलों के जिलाधीश समेत सचिव एवं प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी प्रभावित हो सकते हैं। गृह, लोक निर्माण विभाग को नए प्रमुख सचिव मिल सकते हैं, वहीं कुछ विभागाध्यक्ष एवं एक या दो संभागायुक्त भी बदले जा सकते हैं। इस संभावित तबादला सूची का फैसला मुख्यमंत्री के विदेश यात्रा से लौटने से पहले या फिर तत्काल बाद में हो सकता है। सूची में जो अधिकारी प्रभावित होंगे, उनके नामों पर पूर्व में मंथन हो चुका है। जिनमें से सरकार ने 4 दिन पहले ही 42 अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए थे। गौरतलब है अभी हाल ही में जो बड़ी प्रशासनिक सर्जरी हुई है उसमें अधिकारियों की परफॉर्मेंस को महत्व दिया गया है। उप सचिव से लेकर सचिव स्तर के आईएएस अफसरों के थोकबंद तबादलों के बाद मप्र सरकार जल्द एक और प्रशासनिक सर्जरी करेगी। इस प्रशासनिक फेरबदल में अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारियों की नई पदस्थापना की जाएगी। सीएम सचिवालय के अधिकारियों का कहना है कि अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारियों की नई पदस्थापना को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन के बीच प्रारंभिक दौर की चर्चा हो चुकी है। सीएम डॉ. यादव के जापान दौरे से लौटने के बाद फरवरी के पहले सप्ताह में आईएएस की ट्रांसफर लिस्ट जारी हो सकती है।
आज सेवानिवृत्त हो रहे हैं एसएन मिश्रा
गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव एसएन मिश्रा आज सेवानिवृत्त हो रहे हैं। ऐसे में मुख्य सचिव अनुराग जैन किसी अन्य अधिकारी को अतिरिक्त प्रभार दे सकते हैं, या फिर तबादला आदेश भी जारी कर सकते हैं। चूंकि मामला गृह विभाग से जुड़ा है, ऐसे में मुख्यमंत्री के विदेश से लौटने के बाद ही इस पर निर्णय होगा। साथ ही 2020 से पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की कमान संभाल रहे प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला को नया विभाग दिया जा सकता है। यह भी संभव है कि शुक्ला को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के बाद हटाया जाए। इसी तरह वर्ष 2020 से लोकायुक्त में पदस्थ सचिव अरुणा गुप्ता की सेवाएं भी वापिस ली जा सकती हैं। तबादला सूची में दो संभागायुक्त एवं कुछ विभागाध्यक्ष भी बदले जा सकते हैं। सिंगरौली कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला के तबादले की चर्चा थी, लेकिन 27 जनवरी को आई सूची में नाम नहीं था। इस बीच मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में आई एक महिला को घसीटकर बाहर करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

preload imagepreload image
05:46