भोलेनाथ के दर्शन को निकले चाचा-भतीजे को रौंदते हुए निकली मौत, कठउतहा में दर्दनाक हादसा

चुरहट, सीधी।
भोलेनाथ के दर्शन को निकले श्रद्धालु चाचा-भतीजे की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। शनिवार शाम लगभग 6 बजे यह घटना चुरहट थाना अंतर्गत ग्राम कठउतहा में हुई, जब बाइक सवार दो लोग ग्राम कोलुहा से बढ़ौरा जा रहे थे। रास्ते में सामने से आ रही एक तेज़ रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान ग्राम कोलुहा निवासी 17 वर्षीय आयुष तिवारी और 49 वर्षीय अनिल तिवारी के रूप में हुई है। दोनों आपस में भतीजा और चाचा थे और भोलेनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धाभाव से निकले थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर ही चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक पिकअप वाहन हादसे के बाद रफ्तार बढ़ाते हुए मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही चुरहट थाना प्रभारी दीपक सिंह बघेल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को चुरहट अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश तेज़ कर दी गई है।
थाना प्रभारी बघेल ने जानकारी दी कि इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है और वाहन की पहचान के प्रयास जारी हैं। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने घटना को होते हुए देखा है या वाहन के बारे में कोई जानकारी हो, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
हादसे की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। कोलुहा और कठउतहा गांवों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।