मप्र में 200 से ज्यादा अधिकारियों के हुए प्रमोशन

नए साल में आईएएस-आईपीएस-राप्रसे को न्यू ईयर गिफ्ट
भोपाल/मंगल भारत

मप्र सरकार ने प्रदेश के 200 से ज्यादा आईएएस, आईपीएस, आईएफएस और राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को नए साल का गिफ्ट दिया है। इन सभी अधिकारियों को प्रमोशन दिया गया है। देर रात राज्य सरकार ने प्रमोशन आदेश जारी कर दिए। प्रमोशन किए गए आईएएस अधिकारियों में उप सचिव, अपर सचिव और सचिव स्तर के अधिकारी मुख्य रूप से शामिल हैं। पदोन्नति पाने वालों में मप्र में भारतीय प्रशासनिक सेवा के 40 और भारतीय पुलिस सेवा के 44 अधिकारियों शामिल हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने 2013 बैच के आईएएस अधिकारियों को चयन ग्रेड देने के आदेश जारी किए हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग कार्मिक में सचिव पद पर पदस्थ एम सेलवेन्द्रन को प्रमोशन देकर उन्हें प्रमुख सचिव बनाया गया है। हालांकि उनका विभाग नहीं बदला गया है। उधर मध्य प्रदेश कैडर के वर्ष 2010 बैच के आईएएस अधिकारियों को सुपर टाइम स्केल (पे मेट्रिक-14) में प्रमोशन देकर उन्हें सचिव बनाया गया है। प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों में मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड जबलपुर में प्रबंध संचालक अनय द्विवेदी, भोपाल कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, स्वास्थ्य आयुक्त तरुण राठी, खाद्य, नागरिक आपूर्ति के कमिश्नर कर्मवीर शर्मा और कोष एवं लेखा विभाग के कमिश्नर भास्कर लक्षकार हैं। उज्जैन संभाग के कमिश्नर आशीष सिंह, आबकारी आयुक्त अभितीज अग्रवाल, पंचायत संचालक छोटे सिंह, स्वास्थ्य एवं नियंत्रण खाद्य एवं औषधि प्रशासन दिनेश श्रीवास्तव, राजस्व मंडल ग्वालियर सचिव सपना निगम का भी प्रमोशन किया गया है। 2010 बैच के अधिकारी और आयुक्त जनसंपर्क दीपक कुमार सक्सेना, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी आरएस जादोन का भी प्रमोशन किया गया है।
इन अधिकारियों का बदला विभाग
उधर राज्य सरकार ने पदोन्नति के बाद राजस्व विभाग में अपर सचिव संजय कुमार को सचिव मप्र भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार मंडल एवं कल्याण आयुक्त बनाया है। श्रम विभाग में अपर सचिव बसंत कुर्रे को सह संचालक कौशल विकास बनाया गया है। सुरेश कुमार को संभाग आयुक्त चंबल संभाग मुरैना बनाया गया। चंद्रशेखर वालिबे को सचिव मुख्यमंत्री, शीलेंद्र सिंह को सचिव नगरीय विकास एवं अवास विभाग बनाए गए हैं। आदेश के अनुसार ऊर्जा विकास निगम भोपाल के एमडी अमनबीर सिंह, मप्र पब्लिक हेल्थ सर्विसेस कॉर्पोरेशन के एमडी मयंक अग्रवाल, खनिज निगम के एमडी एवं प्रशासन एवं खनिकर्म संचालक फ्रेंक नोबल ए., मेट्रो के एमडी एस. कृष्ण चैतन्य, भारतीय चिकित्सा पद्धति एवं होम्योपैथी की आयुक्त उमा माहेश्वरी आर और राजभवन के जनजातीय प्रकोष्ठ की सचिव मीनाक्षी सिंह को अपर सचिव के समकक्ष पदोन्नति दी गई है। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान की अपर परियोजना संचालक मनीषा सेंतिया, सीएम सचिवालय के उप सचिव विकास मिश्रा और एमएसएमई की उप सचिव रुही खान को भी पदोन्नति देते हुए वर्तमान जगह रखा है।
आईपीएस अधिकारियों का भी हुआ प्रमोशन
उधर आईपीएस अधिकारियों का भी प्रमोशन किया गया है। 1994 बैच के अधिकारी एडीजी अजाक आशुतोष राय को प्रमोशन देकर विशेष पुलिस महानिदेशक (अजाक) बनाया गया। 2001 बैच के आईजी जबलपुर प्रमोद वर्मा को प्रमोशन देकर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जबलपुर जोन बनाया गया। 1999 और 2008 बैच के अधिकारियों को पुलिस महानिरीक्षक (वेतन मैट्रिक्स-14) के पद पर प्रमोशन किया गया है, जिसमें आईजी साइबर निरंजन बी। वायंगणकर, पुलिस मुख्यालय, पुलिस महानिरीक्षक, साइबर, पुलिस मुख्यालय सियाज ए, पुलिस महानिरीक्षक, शिकायत एवं मानव अधिकार ललित शाक्यवार को प्रमोट किया गया है। एसपी राकेश सगर, राघवेन्द्र सिंह बेलवंशी, किरणलता केरकेट्टा, रियाज इकबाल, असित यादव, कुमार प्रतीक, शिवदयाल को प्रमोशन देकर आईजी बनाया गया है। एसपी खंडवा मनोज कुमार राय, रेल एसपी भोपाल राहुल कुमार लोढ़ा, रेल एसपी जबलपुर सिमाला प्रसाद, धार एसपी मयंक अवस्थी और भोपाल डीसीपी विवेक सिंह को डीआईजी बनाया गया। इसी तरह प्रवर श्रेणी 2012 और 2013 बैच के 11 अधिकारियों को वेतन मैट्रिक्स-13 में स्वीकृत किया गया है। इसमें एसपी बड़वानी जगदीश डाबर और टीकमगढ़ एसपी मनोहर सिंह मण्डलोई शामिल हैं।
एक लाख रु. तक बढ़ गया वेतन
सामान्य प्रशासन विभाग ने 2013 बैच के आईएएस अधिकारियों को चयन ग्रेड देने के आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत अधिकारियों को चयन ग्रेड (सलेक्शन ग्रेड) प्रदान किया गया है, जो 1 जनवरी 2026 से प्रभावशील होगा। चयन ग्रेड मिलने पर अधिकारियों का वेतन पे-लेवल 13 के तहत 1 लाख 23 हजार 100 रुपए से बढकऱ 2 लाख 15 हजार 900 रुपए हो जाएगा। यह ग्रेड वरिष्ठता और निर्धारित सेवा अवधि पूरी करने पर दिया जाता है। इधर, भारतीय वन सेवा के भी 9 अफसरों को प्रमोशन दिया गया है।