राम मंदिर में बनेगा आधुनिक अस्पताल और कैंसर संस्थान, अभेद्य होगी मंदिर की सुरक्षा

रामनगरी अयोध्या में रविवार से राम मंदिर भवन निर्माण समिति की दो दिवसीय बैठक हो रही है। इसमें शामिल होने के लिए समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र पहुंचे। नृपेंद्र मिश्र ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि मार्च 2026 तक राम मंदिर से जुड़े सभी निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। कार्यदायी संस्था एल एंड टी और टाटा कंसल्टेंसी की ओर से किए जा रहे निर्माण कार्य तय समय के भीतर पूरे होंगे। कार्यदाई संस्था का भी काम मार्च तक पूरा हो जाएगा। जो भी निर्माण कार्य अब तक पूरे हो चुके हैं, उन्हें राम मंदिर ट्रस्ट को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अयोध्या में बनने वाले 300 बेड के आधुनिक चिकित्सालय और टाटा फाउंडेशन की ओर से प्रस्तावित कैंसर अस्पताल के निर्माण को लेकर बैठक में अहम निर्णय लिए जाएंगे। इन परियोजनाओं से श्रद्धालुओं के साथ अयोध्या के नागरिकों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। राम मंदिर परिसर में शहीद कारसेवकों की स्मृति में बन रहे हुतात्मा स्मारक और यात्रियों की सुविधा के सामान रखने के हॉल का निर्माण भी जल्द पूरा किया जाएगा। पुराने स्मारक के रूप में जिस अस्थायी मंदिर में रामलला विराजमान थे, उसका निर्माण कार्य भी मार्च 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।
बड़ा फैसला: टी-20 वल्र्ड कप के लिए भारत नहीं आएगी बांग्लादेशी टीम
बांग्लादेश की टीम आईसीसी मेन्स टी-20 वल्र्ड कप 2026 खेलने के लिए भारत नहीं जाएगी। बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने रविवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस बात की पुष्टि की। नजरुल ने कहा कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने बैठक के बाद ये बड़ा फैसला लिया है। अब इंतजार इस बात का है कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल का इस मुद्दे पर क्या रुख होता है, क्योंकि इस बड़े इवेंट के लिए शेड्यूल वगैरह तो आईसीसी ही तैयार करती है। आसिफ नजरुल ने लिखा-बांग्लादेश विश्व कप खेलने के लिए भारत नहीं जाएगा। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने यह फैसला लिया है। हम इस फैसले का स्वागत करते हैं, जो भारतीय क्रिकेट बोर्ड की आक्रामक सांप्रदायिक नीतियों के जवाब में लिया गया है। बीसीबी का ये फैसला बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग से बाहर करने के बाद लिया गया है।
बीएमसी चुनाव: राज ठाकरे ने 20 साल बाद शिवसेना भवन में रखा कदम
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) और राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने बीएमसी चुनाव के लिए गठबंधन किया है। इस मौके पर दोनों दलों के प्रमुखों ने रविवार को मुंबई के विकास को लेकर कई बड़े वादे किए और संयुक्त घोषणापत्र जारी किया। इस दौरान राज ठाकरे ने 20 साल के लंबे इंतजार के बाद दादर के शिवाजी पार्क स्थित शिवसेना (यूबीटी) मुख्यालय शिवसेना भवन में कदम रखा। शिवसेना भवन में हुई संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज ठाकरे, उद्धव ठाकरे और संजय राउत ने मौजूदा राजनीतिक हालात, लोकतंत्र, चुनाव प्रक्रिया और भाजपा पर तीखे हमले किए। राज ठाकरे ने कहा-20 साल बाद यहां आकर ऐसा लग रहा है जैसे मैं जेल से बाहर आया हूं, क्योंकि हर कोई मुझसे यही पूछ रहा है कि 20 साल बाद यहां आकर कैसा लग रहा है। शिवसेना भवन से मेरी बहुत पुरानी और गहरी यादें जुड़ी हैं। उन्हें बताने में कई दिन लग जाएंगे। 1977 में जब शिवसेना भवन बना था, तब जनता पार्टी ने यहां जुलूस निकालकर पत्थरबाजी की थी, जिसका हमारे शिवसैनिकों ने ऊपर से ट्यूबलाइट फेंककर मुंहतोड़ जवाब दिया था। वहीं उद्धव ठाकरे ने कहा-मुझे खुशी है कि हम एक साथ आए हैं और पूरे महाराष्ट्र को हमें साथ देखकर खुशी हो रही है।
राम रहीम जेल से 15वीं बार बाहर आएगा, डेरा मुखी को 40 दिन की पैरोल मिली
रोहतक की सुनारिया जेल में साध्वियों के यौन उत्पीडऩ और पत्रकार हत्या के मामलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक बार फिर 40 दिन की पैरोल मिल गई है। इस दौरान राम रहीम डेरा सच्चा सौदा हेडक्वार्टर सिरसा में रहेगा। राम रहीम अभी अपनी दो साथी साध्वियों के साथ रेप के जुर्म में 20 साल की जेल की सजा काट रहा है। अगस्त 2017 में रेप केस में दोषी ठहराए जाने के बाद गुरमीत राम रहीम सिंह इस बार 15वीं बार जेल से बाहर आएगा। इससे पहले 15 अगस्त को अपना जन्मदिन मनाने के लिए राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर आया था