दो दिन से सीहोर जिले के ग्रामों में कर रहे संवाद
भोपाल/मंगल भारत

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह दो दिन से लगातार सीहोर जिले के दौरे पर हैं। सोमवार को उन्होंने इच्छावर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खेरी में जाकर मनरेगा श्रमिकों से संवाद किया और केंद्र सरकार के नए कानून पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा मजदूरों और किसानों के हक के लिए संघर्ष करती रही है। लेकिन केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए नए कानून में गरीबों और मजदूरों का कोई ध्यान नहीं रखा गया है। दिग्विजय सिंह ने क्षि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी निशाना साधा, जिनके द्वारा यह कानून बनाया गया है। उन्होंने कहा-कांग्रेस पार्टी की यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी और मजदूरों के हित में हम अपनी आवाज को मजबूत करेंगे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी मजदूरों और किसानों के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी हर संभव प्रयास करेगी ताकि मनरेगा के तहत अधिक से अधिक काम मिल सके और श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा हो सके। यह दौरा न केवल दिग्विजय सिंह का व्यक्तिगत दौरा है, बल्कि यह कांग्रेस पार्टी की जमीनी स्तर पर सक्रियता और संगठन को मजबूत करने की एक पहल भी है। वे चाहते हैं कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता लोगों से सीधे संवाद करें ताकि उनकी समस्याओं को सुना जा सके और पार्टी का जनता से सीधा संपर्क बना रहे।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनी
ग्राम खेरी में रात्रि विश्राम के बाद दिग्विजय सिंह ने सोमवार सुबह पैदल गांव की गलियों में जाकर ग्रामीणों से उनकी समस्याओं पर बात की। ग्रामीणों ने दिग्विजय सिंह के सामने कई मुद्दे उठाए, जिनमें पानी, सडक़, जलभराव, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार से संबंधित समस्याएं शामिल थीं। इस तरह का जमीनी स्तर पर संवाद कांग्रेस पार्टी के लिए संगठन को मजबूत करने और ग्रामीणों के मुद्दों पर ध्यान देने का एक तरीका है। इस दौरे को पार्टी के नेताओं और कार्यकताओं की जमीनी राजनीति को सशक्त करने के रूप में देखा जा रहा है।