रामपुर नैकिन पुलिस ने गुम नाबालिग को सुरक्षित परिजनों से मिलाया.

मंगल भारत:सीधी:रामपुर नैकिन थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक गुम नाबालिग बालक को सुरक्षित खोजकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर मानवता का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
पुलिस अधीक्षक सीधी जिला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी चुरहट के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सुधांशु तिवारी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 16 फरवरी 2026 को शाम करीब 5:30 बजे डायल 112 के कर्मचारी आरक्षक महेंद्र तिवारी को ग्राम हत्था में एक नाबालिग बालक अकेला मिला। पूछताछ में बालक ने अपना नाम राहुल कोल (उम्र लगभग 10 वर्ष) निवासी बढोरा बताया। पुलिस द्वारा तत्काल बालक को सुरक्षार्थ थाना लाया गया और आवश्यक पूछताछ के बाद उसके परिजनों का पता लगाया गया।
थाना पुलिस टीम ने बालक को ग्राम बढोरा स्थित उसकी मौसी के घर पहुंचाया, जहां से उसके माता-पिता की जानकारी मिलने पर ग्राम सेमरिया में उसके पिता बाबूलाल कोल को साक्षी निहाल अहमद की उपस्थिति में सुरक्षित सुपुर्द किया गया। अपने पुत्र को सकुशल पाकर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक सुधांशु तिवारी, प्रधान आरक्षक राजकुमार मिश्रा, आरक्षक महेंद्र तिवारी, विवेक द्विवेदी एवं महिला आरक्षक अंजली सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।