अधिकारियों के गैरमौजूद रहने पर विधायकों ने जताई आपत्ति

विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान अधिकारी दीर्घा में अधिकारियों की कम उपस्थिति पर भाजपा और कांग्रेस के विधायकों ने आपत्ति जताई। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने विधायकों की आपत्ति से सहमत होते हुए उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा से कहा कि अभिभाषण पर चर्चा के दौरान अधिकारी मौजूद रहें वे इस पर ध्यान दें। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा की शुरूआत भाजपा के अजय विश्नाई ने की। उन्होंने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की अवधारणा के साथ काम कर रही है। सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते समय अधिकारी दीर्घा में अफसरों की गैरमौजूदगी पर उन्होंने अध्यक्ष का ध्यान दिलाया। इस पर अध्यक्ष ने डिप्टी सीएम से इस ओर ध्यान देने को कहा। वरिष्ठ विधायक गोपाल भार्गव ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा चल रही है, इस दौरान सभी विभागों के अधिकारियों को मौजूद रहना चाहिए।
प्रदेश में स्टार्टअप इकोसिस्टम को रफ्तार, 1723 को मिली मान्यता
मध्य प्रदेश में स्टार्टअप को बढ़ावा देने की सरकारी कोशिशों का असर दिखने लगा है। सरकार की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में स्टार्टअप की संख्या तेजी से बढ़ी है और प्रदेश देश के प्रमुख स्टार्टअप केंद्रों में जगह बनाने की ओर बढ़ रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में दिसंबर 2025 तक प्रदेश के 1,723 स्टार्टअप को भारत सरकार से मान्यता मिल चुकी है। रिपोर्ट बताती है कि पिछले चार साल में स्टार्टअप में तेजी से इजाफा हुआ है। स्टार्टअप नीति लागू होने के बाद 2025 तक स्टार्टअप की संख्या में 209 फीसदी वृद्धि हुई। महिला उद्यमियों द्वारा चलाए जा रहे स्टार्टअप में 225 फीसदी बढ़ोतरी दर्ज हुई। प्रदेश में सबसे ज्यादा स्टार्टअप आईटी सेवाएं, स्वास्थ्य और लाइफ साइंस, कृषि, मैन्युफैक्चरिंग, खाद्य और पेय पदार्थ से संबंधित हैं। इसके अलावा एआई हार्डवेयर, वस्त्र, पर्यटन और वेस्ट मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में करीब 3 फीसदी, जबकि बायोटेक जैसे नए क्षेत्रों में लगभग 1 फीसदी स्टार्टअप हैं।
गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने कांग्रेस विधायक लाए संकल्प
विधानसभा में बजट सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस विधायक आतिफ अकील गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित कराने का संकल्प लेकर आए। उन्होंने कहा कि हर धर्म का सम्मान किया जाना चाहिए। हिंदू धर्म में गाय को माता का दर्जा दिया गया है और माता का व्यापार नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाए। यदि किसी गाय की मौत होती है तो उसका अंतिम संस्कार किया जाना चाहिए। साथ ही उसके चमड़े और अन्य अवशेषों के व्यापार पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। आतिफ अकील के संकल्प पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि केवल पब्लिसिटी स्टंट के लिए विधानसभा में संकल्प लेकर न आएं। उन्होंने कहा कि मस्जिदों में जाकर मुल्ला-मौलवियों से यही संकल्प करवा दें तो गाय कटना बंद हो जाएगा।
18400 मेगावॉट के बिजली प्रोजेक्ट से आएगा 88865 करोड़ का निवेश
प्रदेश सरकार द्वारा विधानसभा में पेश आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट के मुताबिक आने वाले सालों में 18400 मेगवॉट के बिजली प्रोजेक्टों से प्रदेश में 88865 करोड़ का निवेश आएगा। रिपोर्ट के अनुसार पंप स्टोरेज नीति के तहत राज्य में लगभग 14,650 मेगावाट क्षमता की परियोजनाएं पंजीकृत हो चुकी हैं, जबकि 3,750 मेगावाट की परियोजनाएं पंजीकरण प्रक्रिया में हैं। इनसे प्रदेश में करीब 88,865 करोड़ निवेश आकर्षित होने की संभावना है। विशेषज्ञों के अनुसार ये परियोजनाएं ऊर्जा भंडारण, ग्रिड स्थिरता और रोजगार सृजन-तीनों दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। राज्य में सोलर पार्क योजना के तहत आगर-शाजापुर-नीमच क्षेत्र में 1330 मेगावाट क्षमता की सौर परियोजना सफलतापूर्वक विकसित की जा चुकी है। इसके अलावा नीमच में 170 मेगावाट का सौर प्रोजेक्ट अंतिम चरण में है। इन परियोजनाओं से 4,500 करोड़ से अधिक निवेश आया है।