झलवार गांव में प्रशासनिक व रेलवे की संयुक्त टीम पहुंची, समझाइश के बाद ग्रामीण हुए संतुष्ट, रेलवे परियोजना का कार्य पुनः शुरू

झलवार (विकासखंड रामपुर नैकिन) में ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन और रेलवे विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
टीम में तहसीलदार आशीष मिश्रा, नायब तहसीलदार महेंद्र द्विवेदी एवं नगर निरीक्षक सुधांशु तिवारी शामिल रहे। इस दौरान रेलवे विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे।
संयुक्त टीम ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विषय में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने परियोजना से जुड़ी आवश्यक जानकारी साझा करते हुए ग्रामीणों को समझाइश दी।
इसी क्रम में तहसील रामपुर नैकिन अंतर्गत ग्राम पतेहरा, पढ़खुरी, ममदार एवं झालावाड़ में भी राजस्व, पुलिस और रेलवे अधिकारियों द्वारा रेलवे कार्यों की संयुक्त जांच की गई। अधिकारियों ने कार्य की प्रगति और शिकायतों की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन एवं रेलवे अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण संतुष्ट नजर आए। इसके पश्चात गांव में चल रही रेलवे परियोजना का कार्य पुनः प्रारंभ कर दिया गया। वर्तमान में क्षेत्र की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।