भीषण हादसा: वलसाड में ट्रक-कार की भिड़ंत, सात लोगों की मौत

गुजरात के वलसाड में शुक्रवार दोपहर को कार और ट्रक की भिड़ंत में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। घायलों की हालत भी गंभीर बनी हुई है। हादसे का शिकार हुए सभी लोग एक ही परिवार के हैं। हादसा कपराडा तालुका के कुभ घाट पर हुआ। परिवार कपराडा के अंबा गांव का रहने वाला था। सभी लोग ईको कार से एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान कुंभघाट के मोड़ पर सामने से आ रहे एक ट्रक से कार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार इतनी स्पीड में थी कि टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे तक घुस गया था। एक महिला का सिर ट्रक के टायर में फंस गया था। हादसे की सूचना मिलते ही पास के गांव के लोग मदद के लिए पहुंचे और 108 एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी।
बड़ा फैसला: बांग्लादेश की भारत के साथ वीजा सेवाएं बहाल
भारत-बांग्लादेश रिश्तों में सुधार की दिशा में पहला कदम उठाते हुए दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन ने शुक्रवार को भारतीय नागरिकों के लिए वीजा सेवाएं फिर से शुरू कर दीं। दो महीने पहले इन सेवाओं को रोक दिया गया था। यह फैसला ऐसे समय पर लिया गया है जब तीन दिन पहले ही तारिक रहमान ने बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के रूप में पद संभाला है। इससे संकेत मिलता है कि उनकी पार्टी, बीएनपी, के लिए नई दिल्ली बेहद अहम है और शुरुआती स्तर पर रिश्तों की कड़वाहट दूर करने की कोशिश हो रही है। एक दिन पहले ही भारत के एक वरिष्ठ वाणिज्य दूतावास अधिकारी ने कहा था कि नई दिल्ली भी जल्द बांग्लादेश में सभी वीजा सेवाएं बहाल करेगी। दिसंबर में दोनों देशों के रिश्तों में तेज गिरावट के बाद वाणिज्य दूतावास और वीजा सेवाएं रोक दी गई थीं। यह तनाव भारत-विरोधी छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद बढ़ा था। हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए, जिनमें भारत विरोधी तत्वों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। कई हिंदुओं को निशाना बनाया गया और लिंचिंग की घटनाएं सामने आईं, जिससे कूटनीतिक तनाव बढ़ गया।
ट्रेन छूटने से 15 मिनट पहले तक बदल सकेंगे बोर्डिंग स्टेशन
भारतीय रेल में सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बोर्डिंग स्टेशन बदलने के नियमों में बदलाव करने की तैयारी कर रहा है। नए प्रस्ताव के तहत यात्री ट्रेन का चार्ट बनने से पहले तक अपने बोर्डिंग स्टेशन में बदलाव के लिए आवेदन कर सकेंगे। इस संबंध में रेलवे बोर्ड के निदेशक ने सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम को आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। कई बार कंफर्म टिकट बुक होने के बाद यात्रियों की यात्रा योजना बदल जाती है। मौजूदा नियमों के चलते उन्हें बोर्डिंग स्टेशन बदलने में बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नए प्रस्ताव के तहत इस प्रक्रिया को आसान बनाने की तैयारी की जा रही है। अगर किसी यात्री ने एक स्टेशन से टिकट कराया है, लेकिन उसी रूट के किसी दूसरे स्टेशन से ट्रेन पकडऩा चाहता है तो वह रिजर्वेशन चार्ट तैयार होने से पहले अपना बोर्डिंग स्टेशन बदलने के लिए आवेदन कर सकेगा। यात्रियों को सुविधा देने के लिए रेलवे बोर्ड ने सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम को इस प्रस्ताव की व्यावहारिकता जांचने को कहा है। अगर यह नई व्यवस्था लागू हो जाती है तो यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है। इसके तहत सामान्य ट्रेनों में यात्री चार्ट तैयार होने से करीब तीस मिनट पहले तक अपना बोर्डिंग स्टेशन बदल सकेंगे।
एसआईआर से सीजेएम को हटाकर पुराने जजों को लगाओ
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले एसआईआर को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। ऐसे में शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने राज्य में निर्वाचन आयोग की तरफ से कराए जा रहे एसआईआर को लेकर उपजे विवाद के मामले में सुनवाई की। कोर्ट ने सख्त रूख अपनाते हुए कलकत्ता हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस को कई अहम निर्देश दिए। अदालत ने कहा कि एसआईआर के काम में लगाए गए सीजेएम को हटाकर पुराने जजों को तलाशें। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन के लिए पर्याप्त ए श्रेणी के अधिकारियों की नियुक्ति न करने का भी संज्ञान लिया। जिनके नाम तार्किक विसंगति सूची में डाले गए हैं, उनके दावे और आपत्तियों का फैसला अब सेवारत और पूर्व न्यायिक अधिकारी करेंगे अभी काम में लगे सीजेएम को हटाकर अन्य उपयुक्त न्यायिक अधिकारियों/पूर्व जजों को लगाया जाए, कोर्ट ने पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा पर्याप्त ‘ए’ श्रेणी के अधिकारियों को तैनात न करने पर गंभीर नाराजगी जताई।