पाकिस्तान की एयर स्ट्राइक से अफगानिस्तान में अब तक 80 से ज्यादा मौतें

पाकिस्तान की एयर स्ट्राइक से अफगानिस्तान में अब तक 80 से ज्यादा मौतें

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के भीतर कई ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं। इनमें 80 से अधिक लोगों के मारे जाने की खबर है। पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई अफगानिस्तान के नंगरहार, पक्तिका और खोस्त प्रांत के सात स्थानों पर की गई। पाकिस्तान का कहना है कि यह हमले हाल में हुए आत्मघाती विस्फोटों के जवाब में किए गए हैं, जिनके लिए उसने अफगानिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को जिम्मेदार ठहराया है। पाकिस्तान सरकार के अनुसार इन हमलों में प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान और उससे जुड़े गुटों के ठिकानों को निशाना बनाया गया। पाकिस्तान के गृह राज्य मंत्री तलाल चौधरी ने दावा किया कि इस कार्रवाई में करीब 70 आतंकियों को मार गिराया गया। सूचना मंत्रालय ने हमलों को सटीक और जवाबी कार्रवाई बताया है। हमले पक्तिका के बर्मल इलाके, नंगरहार के खोगयानी, गनी खेल और बेहसूद क्षेत्रों में किए गए। पाकिस्तान का आरोप है कि हाल में इस्लामाबाद, बाजौर और बन्नू में हुए आत्मघाती हमलों के पीछे अफगानिस्तान में बैठे संचालक थे। चौधरी ने कहा कि अफगान तालिबान ने 2020 के दोहा समझौते में अपनी जमीन को आतंक के लिए इस्तेमाल न होने देने का वादा किया था, लेकिन उस पर अमल नहीं हुआ।
पीएम मोदी ने कहा- एआई समिट में भारत की क्षमता की दुनिया में तारीफ हुई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हाल ही में संपन्न एआई इम्पैक्ट सम्मेलन में भारत की क्षमता की पूरी दुनिया ने दिल खोलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह साबित करता है कि तकनीक के क्षेत्र में भारत के युवा प्रतिभाओं की सोच मानवता के लिए फायदेमंद साबित होगी। पिछले सप्ताह नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का समापन एआई इम्पैक्ट पर नई दिल्ली घोषणा को अपनाने के साथ हुआ। यह कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में वैश्विक सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा, दिल्ली में आयोजित ऐतिहासिक एआई समिट में पूरी दुनिया ने भारत की क्षमता की दिल खोलकर सराहना की। यह दर्शाता है कि तकनीक के क्षेत्र में हमारे युवा टैलेंट की सोच पूरी मानवता के लिए बहुत लाभकारी साबित होने वाली है। एआई समिट के नई दिल्ली डिक्लेरेशन को 89 देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों का समर्थन प्राप्त हुआ है, जो आर्थिक विकास और सामाजिक कल्याण के लिए एआई के उपयोग पर व्यापक वैश्विक सहमति को दर्शाता है।
कांग्रेस नेता कृष्ण हरि की गाड़ी में मिले टीशर्ट-पोस्टर, हिरासत में एक और कार्यकर्ता
दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई समिट के दौरान हुए प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी और यूथ कांग्रेस के नेता कृष्ण हरि की गाड़ी बरामद कर ली है। इस कार से टी शर्ट और पोस्टर भी मिले हैं। इसके अलावा पुलिस ने यूथ कांग्रेस के एक और प्रदर्शनकारी को हिरासत में लिया है और बचे हुए प्रदर्शनकारियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। इस मामले में दिल्ली की पटियाला कोर्ट ने पहले ही प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार चार आरोपियों को पांच दिन की कस्टडी में भेजा था। एआई इम्पैक्ट समिट में शुक्रवार यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इससे आयोजन स्थल पर अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। हंगामा जिस वक्त खड़ा हुआ, उस वक्त भारत मंडपम में विदेशी प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था।
जेएनयू में लेफ्ट-विंग ग्रुप्स और एबीवीपी वर्कर्स के बीच झड़प
जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी में लेफ्ट-विंग ग्रुप्स और एबीवीपी वर्कर्स के बीच हुई झड़प पर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ के जॉइंट सेक्रेटरी वैभव मीणा ने कहा कि लेफ्ट विंग की हड़ताल पिछले सात-आठ दिनों से यहां चल रही है। जिस तरह का आतंक उन्होंने रात भर फैलाया है वे स्कूलों में गए और 300-400 नकाबपोश लोगों की भीड़ ने स्टूडेंट्स को स्टडी रूम से भगा दिया। विजय नाम के युवक के साथ 100-150 लोगों की भीड़ ने मारपीट की लेकिन दिल्ली पुलिस ने मामले में कुछ नहीं किया हम इसकी निंदा करते हैं। एबीवीपी मीडिया कन्वीनर विजय जायसवाल ने कहा कि ये लेफ्ट-विंग के लोग जो 7 दिनों से प्रोटेस्ट कर रहे थे, आज उन्होंने एबीवीपी वर्कर्स और स्टूडेंट्स को टारगेट किया। करीब 100-150 लोगों ने मॉब लिंचिंग की। दिल्ली पुलिस और जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी सिक्योरिटी गार्ड भी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने कोई एक्शन नहीं लिया। यह प्री-प्लान्ड था ये नकाबपोश लोग थे हम मांग करते हैं कि एडमिनिस्ट्रेशन इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ एक्शन ले।