6 साल में गौवंश तस्करी के 6 हजार से ज्यादा प्रकरण दर्ज

प्रदेश में बड़े स्तर पर गौवंश तस्करी हो रही है। प्रदेश में पिछले 6 साल (वर्ष 2020 से 12 फरवरी, 2026 के बीच) में गौवंश तस्करी के 6014 प्रकरण दर्ज किए गए। ऐसे ही इस अवधि में गौवंश से दुर्घटना में 89 लोगों की मौत हुई। कांग्रेस विधायक महेश परमार के एक सवाल के लिखित जवाब में पशुपालन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल ने विधानसभा में यह जानकारी दी। सदन में दी गई जानकारी के अनुसार इस अवधि में गौवंश तस्करी के सबसे ज्यादा 727 प्रकरण सिवनी जिले में दर्ज किए गए। भोपाल जिले में गौवंश तस्करी के 50 प्रकरण दर्ज किए गए। ऐसे ही इंदौर जिले में गौवंश तस्करी के 283 प्रकरण, जबलपुर में 67 प्रकरण और ग्वालियर में सिर्फ 4 प्रकरण दर्ज किए गए। ग्वालियर-चंबल अंचल में गौवंश तस्करी के सबसे कम प्रकरण सामने आए हैं।
आज पांच गिद्धों को मुक्त करेंगे सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हलाली डैम क्षेत्र में लुप्तप्राय प्रजाति के पांच गिद्धों को प्राकृतिक आवास में मुक्त करेंगे। इनमें चार भारतीय गिद्ध (जिप्स इंडिकस) और एक सिनेरियस गिद्ध शामिल हैं। उच्च परिशुद्धता वाले जीपीएस-जीएसएम उपग्रह ट्रांसमीटरों से सुसज्जित पांच दुर्लभ प्रजाति के गिद्धों को भोपाल स्थित गिद्ध संरक्षण प्रजनन केंद्र में व्यवस्थित अनुकूलन और अवलोकन अवधि के बाद मुक्त किया जा रहा है। पक्षी संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मध्य प्रदेश वन विभाग ने डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया और बाम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसायटी के सहयोग से गिद्धों की गतिविधियों और निगरानी के लिए उपग्रह टेलीमेट्री कार्यक्रम प्रारंभ किया है। टेलीमेट्री से प्राप्त आंकड़ों के माध्यम से गिद्धों के भूदृश्य उपयोग, आवागमन पैटर्न और मानव-जनित दबावों के प्रति उनकी प्रतिक्रिया के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होती है। इससे प्रमुख पड़ाव स्थलों और भोजन क्षेत्रों की पहचान, संरक्षित एवं मानव-प्रधान क्षेत्रों में उनकी पारिस्थितिकी को समझने तथा बिजली के झटके, विषाक्तता और आवास क्षरण जैसे उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान करने में सहायता मिल रही है।
नए वनबल प्रमुख के नाम पर सीएम करेंगे निर्णय
मध्य प्रदेश के वनबल प्रमुख वीएन अंबाडे इस माह सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इसी के साथ नए वन बल प्रमुख की तलाश भी शुरू हो गई है। 89 बैच के आईएफएस अधिकारी एवं वन विकास निगम के प्रबंध संचालक एचयू खान, 90 बैच के आइएफएस अधिकारी एवं पीसीसीएफ अनुसंधान व विस्तार बिभाष कुमार ठाकुर तथा 91 बैच के मुख्य वन्य प्राणी अभिरक्षक सुभरंजन सेन के नामों के पैनल का प्रस्ताव बनाकर मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के समक्ष भेजा गया है। अब मुख्यमंत्री निर्णय करेंगे कि प्रदेश का नया वनबल प्रमुख कौन होगा। मंत्रालय में मुख्य सचिव अनुराग जैन की अध्यक्षता में इसे लेकर बैठक भी हुई थी, जिसमें मुख्य सचिव जैन के अलावा वन विभाग के प्रमुख सचिव संदीप यादव, वर्तमान वन बल प्रमुख वीएन अंबाड़े और भारत सरकार के प्रतिनिधि के रूप में हरियाणा के वनबल प्रमुख विनीत कुमार गर्ग वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम शामिल हुए।
अटल पथ में सभा स्थल पर पहुंचेंगे राहुल गांधी और खरगे
अमेरिका के साथ भारत की ट्रेड डील के विरोध में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन मंगलवार (24 फरवरी) को भोपाल में होने जा रहा है। इसमें प्रदेश भर से एक लाख किसानों के आने का दावा कांग्रेस कर रही है। मुख्य रूप से भोपाल के आसपास के 11 जिलों के किसान सम्मिलित होंगे। शहर के बीच अटल पथ पर हो रहे सम्मेलन को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी संबोधित करेंगे। दोनों नेता दोपहर एक बजे भोपाल व 1:50 बजे सभा स्थल पर पहुंचेंगे। यहां दो घंटे रहेंगे। साढ़े पांच बजे भोपाल से वापस होंगे। इस बीच वे पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों और बड़े नेताओं के साथ संगठन सृजन सहित अन्य विषयों को लेकर बैठक कर सकते हैं। ट्रेड डील में किसानों को नुकसान का आरोप लगाते हुए कांग्रेस किसान बाहुल्य राजस्थान, महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में किसान सम्मेलन करेगी। इसकी शुरुआत भोपाल से होने जा रही है।