अमरीन ने ब्यूटीशियन को नशा देकर प्रेमी से कराया दुष्कर्म

भोपाल में धर्म परिवर्तन का नेटवर्क…

भोपाल/मंगल भारत। राजधानी में दो युवतियों के साथ दुष्कर्म एवं धर्म परिवर्तन करने के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। बागसेवनिया पुलिस ने एक युवती और एक महिला की शिकायत पर एक महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ दुष्कर्म एवं धर्म परिवर्तन का मुकदमा दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों अमरीन खान उर्फ माहिरा, आफरीन और चंदन यादव को गिरफ्तार किया है। अमरीन और चंदन को एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक दोनों ही मामलों में अमरीन खान कॉमन कड़ी है। दोनों पीडि़ताओं ने पुलिस को बताया है कि आरोपियों ने और भी युवतियों का धर्म परिवर्तन कराया है। उन्होंने कुछ नाम भी पुलिस को बताए हैं, जिन युवतियों का धर्म परिवर्तन कराए जाने का शक है। पुलिस पता करने की कोशिश कर रही है कि ऐसे और कितने मामले हैं, जिनमें अमरीन ने हिंदू युवतियों को फंसाकर दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन कराया हो।
बच्चों के पालने के लिए नौकरी की जरूरत थी, इसका फायदा उठाया
बाग सेवनिया पुलिस के अनुसार पीडि़ता के पति का निधन हो चुका है। उसके दो बच्चे हैं। वह कैटरिंग सर्विस में वीआईपी वेटर का काम करती थी। महिला ने बताया कि 2023 में एक मॉल में उसकी मुलाकात अमरीन उर्फ माहिरा से हुई। अमरीन ने 10 हजार रुपए महीने पर बच्ची को संभालने का काम दिलाने का झांसा देकर उसे अशोका गार्डन स्थित घर पर रख लिया। बाद में उसे सागर रॉयल विला वाले मकान बुलाया जाने लगा। यहां अमरीन बॉयफ्रेंड चंदन के साथ रहती थी। दिसंबर 2024 में नारायण नगर स्थित चंदन की बहन के घर ले जाकर चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म किया गया और बदनामी की धमकी दी गई। इसके बाद अमरीन, आफरीन और चानू ने धर्म परिवर्तन, नमाज और बुरखा पहनने का दबाव बनाया। उसे अहमदाबाद भी ले जाया गया, जहां दुष्कर्म किया गया।
बिलाल और चानू की भी तलाश
दोनों मामलों में अमरीन कॉमन कड़ी बताई गई है। पुलिस के मुताबिक अन्य आरोपी यासिर, बिलाल और चानू की तलाश की जा रही है। रिमांड के दौरान आरोपियों से नेटवर्क और अन्य संभावित पीडि़ताओं के बारे में पूछताछ की जाएगी।
किस तरह काम करता है गिरोह
छत्तीसगढ़ निवासी युवती न्यू मार्केट में कपड़ों की दुकान पर काम करती थी। 8 जून 2024 को दोस्त आकाश के जन्मदिन पर उसकी एक युवती से दोस्ती हुई, जिसने उसे अमरीन खान उर्फ माहिरा से मिलवाया। फिर घर आना-जाना हुआ। अगस्त 2025 में अमरीन का दोस्त चंदन यादव अपनी बहन के घर ले गया और नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। धमकी दी कि बताने पर बदनाम कर देगा। अमरीन कुरान पढऩे, बुरखा पहनने और मुस्लिम बनने का दबाव बनाती रही। युवती को पार्टियों में ले जाया जाता था। अब्बास नगर में अमरीन के भाई बिलाल और सितंबर 2025 में अहमदाबाद में यासिर ने भी दुष्कर्म किया। नवंबर में वह काम छोडक़र छग लौट गई। युवती ने बताया कि वह जिस सहेली के जरिये अमरीन से मिली थी, वह भी धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम बनी थी।