वायुसेना चिकित्सक को 18 दिन घर में कैद रखकर ठगे 2.52 करोड़

भोपाल/मंगल भारत। शहर में एक बार फिर ढाई करोड़ रुपए से
ज्यादा की डिजिटल अरेस्ट कर ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। शातिर ठगों ने वायुसेना से सेवानिवृत्त चिकित्सक को डिजिटल अरेस्ट कर 18 दिन बंधक बनाकर रखा और इस दौरान उनसे 2 करोड़ 52 लाख रुपए से ज्यादा रकम खातों में स्थानांतरण करवा ली। सीबीआई अधिकारी बताकर वृद्ध अधिकारी को ठगों ने अपने चुंगल में फंसाया और धनशोधन का भय दिखाकर उनसे करोड़ों रुपए हड़प लिए। ठगी का पता चलने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और साइबर अपराध शाखा में अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। बता दें, इससे पहले रामकृष्ण आश्रम मिशन के स्वामी सुप्रदीप्तानंद के साथ 2.53 करोड़ की ठगी की जा चुकी है। सिरोल विंडसर हिल्स बोस्टन महाविद्यालय के सामने रहने वाले नारायण पुत्र महादेव टिकेकर 89 वर्ष वायुसेना से सेवानिवृत्त चिकित्सक हैं। उनके मोबाइल पर 28 जनवरी 2026 को व्हाट्सअप कॉल आया।
फोन करने वाले ने अपना नाम विजय खन्ना और सीबीआई अधिकारी बताया। वृद्ध नारायण महादेव से फोन करने वाले ने कहा कि आपने 5 लाख रुपए लेकर कैनरा बैंक में खाता खुलवाया है जिसमें धनशोधन के 20 लाख रुपए जमा हुए हैं। उक्त खाते का धनशोधन में इस्तेमाल होने पर वृद्ध को गिरफ्तार करने की बात कही। जब उन्होंने कैनरा बैंक में कोई भी खाता खोलने से इंकार किया तो सीबीआई अधिकारी बता रहे ठग ने वृद्ध सेवानिवृत्त अधिकारी से कहा कि हम आपको गिरफ्तार नहीं करेंगे, पहले जांच करेंगे।