मूसा गैंग की कथित धमकी के बाद से थे अंडरग्राउंड
भोपाल/मंगल भारत

मूसा गैंग की कथित धमकी का हवाला देकर अंडरग्राउंड रहे मऊगंज के भाजपा विधायक प्रदीप पटेल 51 दिन बाद बुधवार को अपने क्षेत्र में दिखाई दिए। विधायक ने शक्ति प्रदर्शन कर बड़े काफिले के साथ मऊगंज में प्रवेश किया। वे कुछ समय मऊगंज में रुके फिर हनुमना के सलैया गांव में राज्यपाल के कार्यक्रम में शामिल होने रवाना हो गए। इसके बाद सायं तक समर्थकों के साथ क्षेत्र में ही रहे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस बीच चर्चा है कि जिस मूसा गैंग का हवाला देकर उन्होंने सरकार से प्रशासन तक को हिला रखा, एकाएक कैसे वापसी की। जबकि कथित मूसा गैंग को पकडऩा तो दूर पुलिस अस्तित्व को ही नकार रही है। विधायक प्रदीप पटेल ने जिस मूसा गैंग से जान का भय बताया और वे लंबे समय तक क्षेत्र से गायब रहे।
सीएम से मिलकर बताया था जान का खतरा
मालूम हो, 5 जनवरी से विधायक लगातार क्षेत्र से गायब थे। विधायक ने आरोप लगाया था कि मऊगंज में अपराधियों की मूसा गैंग सक्रिय है, उसने कई बार हमले का प्रयास किया है और जान से मारने की धमकी भी दी है। यहां तक कि पटेल ने सीएम से भी मिलकर सुरक्षा की मांग की थी। हालांकि, पुलिस ने इस गैंग के अस्तित्व से इनकार किया, जिसके बाद से विधायक पर सवाल उठ रहे थे। विपक्ष भी उन पर हमलावर था और पुलिस को ज्ञापन देकर विधायक की तलाश करने की मांग उठाई थी।