होली पर दुर्लभ संयोग… ग्रहण के साये में धुलेंडी

भोपाल/मंगल भारत। होली पर्व पर रंग उत्सव मनाने को लेकर लोगों

में असमंजस बना है। 122 साल बाद दुर्लभ संयोग बन रहा है, जब होलिका दहन के ठीक अगले दिन धुलंडी पर ग्रहण का सांया रहेगा। 3 मार्च को खग्रास चंद्र ग्रहण होने से सूतक काल मान्य होगा, जिससे तिथियों और उत्सव के समय में बड़ा बदलाव आया है। विद्वानों के बीच सूतक काल में रंग खेलने को लेकर दो राय सामने आई है। ज्योतिषाचार्य डॉ. विशाल लक्ष्मीकांत शुक्ला के अनुसार 3 मार्च को सिंह राशि में चंद्र ग्रहण होने से यह खाली दिन रहेगा, इसलिए धुलंडी 4 मार्च को मनाई जाएगी। वहीं, कुछ अन्य गणनाओं के अनुसार, 3 मार्च को ही धुलंडी मनाई जा सकती है, बशर्ते सूखे व शुष्क रंगों का प्रयोग किया जाए। विद्वानों का तर्क है कि सूतक में जल का संसर्ग वर्जित होता है।
3 मार्च को धुलंडी, इसी दिन खेलें रंग-गुलाल
ज्योतिर्विद पं. आनंदशंकर व्यास के मुताबिक धुलंडी 3 मार्च को मनाना शास्त्र सम्मत है। सूखे रंगों की होली खेलने में दोष नहीं है क्योंकि इस दिन खंडग्रास ग्रस्त उदित चंद्र ग्रहण रहेगा, जिसका समय 17 मिनट का रहेगा अर्थात शाम 6:47 तक ग्रहण समाप्त हो जाएगा। इस दृष्टि से ग्रहण की मान्यता उतनी नहीं है। इसलिए 3 मार्च को धुलंडी होगी।
इधर, राजधानी भोपाल में होली बाजार इस बार स्वदेशी रंग में रंगा नजर आ रहा है। व्यापारियों के अनुसार चीनी सामान की हिस्सेदारी घटकर 18-25′ रह गई है, जबकि हर्बल गुलाल, देसी पिचकारी और भारतीय उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ी है। भोपाल संभाग में होली से रंग पंचमी तक 100-150 करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान है, जिसमें किराना, रंग-गुलाल और मिठाई की बिक्री सबसे अधिक रहने की उम्मीद है। राजधानी भोपाल में होली से पहले बाजारों की सतरंगी रौनक लौट आई है, लेकिन इस बार तस्वीर कुछ अलग है।
3 मार्च को धुलंडी मनाई जाएगी
ज्योतिषीय गणना के आधार पर ज्योतिषाचार्य पं. अमर डब्बावांला ने बताया कि फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि पर होलिका पूजन की मान्यता है। 2 मार्च को सायं 5:55 पर पूर्णिमा तिथि के आरंभ होने से होलिका का पूजन 2 मार्च को होगा, क्योंकि 3 मार्च को शाम 6.50 बजे प्रतिपदा तिथि लग जाएगी। इस दृष्टि से 2 मार्च को होलिका का पूजन प्रदोष काल में किया जाएगा। अगले दिन 3 मार्च को धुलंडी मनाई जाएगी। ग्रहण का सूतक होने से शुष्क रंगों का उपयोग किया जा सकता है।