मिडिल ईस्ट तनाव का असर, 2 मार्च तक एयर इंडिया की कई उड़ानें रद्द

मिडिल ईस्ट तनाव का असर, 2 मार्च तक एयर इंडिया की कई उड़ानें रद्द.

मिडिल-ईस्ट में चल रही अफरा-तफरी का असर पूरी दुनिया पर पड़ता नजर आ रहा है। इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग की वजह से कई देशों की एयरलाइंस प्रभावित हुई हैं। एयर इंडिया ने कई देशों के लिए फ्लाइट्स पर अस्थायी तौर पर रोक लगा दी है। एयर इंडिया ने संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, इजरायल और कतर से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को सस्पेंड कर दिया है। 2 मार्च 2026 को भारतीय समयानुसार रात 11:59 बजे तक ये निलंबन बना रहेगा। एयरलाइन ने रविवार को भी 50 इंटरनेशनल फ्लाइट्स कैंसिल की थी। वहीं, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया था कि भारतीय एयरलाइंस ने रविवार को 350 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की थीं। एयर इंडिया ने 2 मार्च 2026 को नॉर्थ अमेरिका और यूरोप जाने वाली 6 उड़ानों को भी रद्द कर दिया है। एयर इंडिया की नॉर्थ अमेरिका और यूरोप जाने वाली फ्लाइट्स वैकल्पिक रूट्स का इस्तेमाल करेंगी। इसके अलावा इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जाने वाली 100 से ज्यादा इंटरनेशनल फ्लाइट्स भी रद्द हो गईं। इसकी वजह से कई यात्री दिल्ली एयरपोर्ट पर फंसे रह गए। दिल्ली और ज्यूरिख के बीच उड़ानें, दिल्ली और कोपेनहेगन के बीच उड़ानें भी सोमवार को रद्द रहेंगी।
यूट्यूबर सलीम पर हमला करने वाला आरोपी एनकाउंटर में ढेर
गाजियाबाद, गाजियाबाद के लोनी में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने हमले के मुख्य आरोपी जीशान को मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, एनकाउंटर के दौरान जीशान को दो गोलियां लगीं। उसे घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जीशान अमरोहा का रहने वाला था। यह मुठभेड़ लोनी इलाके में हुई। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और पूरे मामले की जांच जारी है। इससे एक दिन पहले ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सलीम पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का बयान दिया था। इसके अगले ही दिन आरोपी एनकाउंटर में मारा गया। गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह बाइक सवार दो हमलावर सलीम के दफ्तर में घुसे थे और उन्होंने चाकू से गर्दन और पेट पर ताबड़तोड़ वार किए थे। गंभीर रूप से घायल सलीम को तुरंत अस्पताल ले जाया गया और बाद में दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में इंग्लैंड से होगा भारत का सामना
सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम ने सारे समीकरण ध्वस्त करते हुए टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारत इस टूर्नामेंट के इतिहास में कुल छह और लगातार तीन बार सेमीफाइनल में पहुंचा है। भारत का सामना अब पांच मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड से होगा। ऐसा नहीं है कि दोनों टीमें इससे पहले सेमीफाइनल में नहीं भिड़ी हैं। यह लगातार तीसरी बार होगा जब भारत और इंग्लैंड फाइनल में पहुंचने के लिए एक दूसरे का सामना करेंगे। भारत ने वेस्टइंडीज को हराकर टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारत अगर वेस्टइंडीज को हरा सका तो इसके पीछे सबसे बड़ा योगदान सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन का है जिन्होंने रविवार को दमदार पारी खेली। भारत के लिए सैमसन ने एक छोर से मोर्चा संभाले रखा और अंत तक टिके रहे। कोलकाता के ईडन गार्डन में रविवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर वेस्टइंडीज को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया।
संपत्ति के लिए बेटे ने माता-पिता, दादी और बहन को कुल्हाड़ी के काटा
यूपी के बहराइच में रविवार की आधी रात करीब 1:30 बजे पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। संपत्ति के मामले को लेकर शुरू हुई कहासुनी में बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला करके माता-पिता, दादी और बहन को मौत के घाट उतार दिया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे बड़े भाई ने विरोध किया तो उस पर भी छोटे भाई ने हमला कर कर दिया। इससे वह भी घायल हो गया। संघर्ष में हमलावर भाई भी घायल हुआ है। घटना रुपईडीहा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव की है। ग्रामीणों की सूचना पर, चौकी प्रभारी बाबागंज शिवेश कुमार शुक्ला व 112 पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चरदा भेजा। वहां चिकित्सकों ने दादी शीतला देवी (82), पिता बदलूराम (62), मां संजू देवी (60) तथा बहन पार्वती (35) के मृत होने की पुष्टि की। वहीं हमले में गंभीर रूप से घायल गुरुदेव (33) तथा निरंकार (27) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।