जुडऩे लगीं कडिय़ां: अहमदाबाद के स्पा में काम करती थीं बहनें, फंसाती थीं ग्राहक

भोपाल/मंगल भारत

घरेलू कामकाज के नाम पर नौकरी का झांसा देकर हिंदू युवतियों को अपने साथ रखने, उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और स्पा सेंटर के माध्यम से देह व्यापार में धकेलने के मामले में अमरीन खान और उसके साथी चंदन यादव को रविवार को रिमांड खत्म होने पर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों को जेल भेज दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि अमरीन और उसकी बहन आफरीन स्पा सेंटर में काम करती थीं। यहीं से अमीर लोगों से संपर्क बनता था और दूसरी युवतियों को काम दिलाने के नाम पर जोड़ा जाता था। अमरीन ने 20 हजार रुपए प्रतिमाह पर अहमदाबाद में फ्लैट किराए पर ले रखा था। पुलिस रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों चंदन और अमरीन को अहमदाबाद स्थित फ्लैट लेकर गई, जहां से मुस्लिम साहित्य समेत दूसरा सामान जब्त किया गया। बाग सेवनिया पुलिस ने हाल ही में 22 वर्षीय युवती और 32 वर्षीय एक महिला की शिकायत पर दुष्कर्म एवं धर्म परिवर्तन का मामला दर्ज किया था। अब तक की जांच में पांच-छह युवतियों के नाम सामने आए हैं, जिन्हें देह व्यापार में धकेला गया। दो-तीन युवतियों ने डर के कारण धर्म परिवर्तन भी किया। गिरोह के यासिन, बिलाल और संजना उर्फ जन्नत फरार हैं। पुलिस मोबाइल डिटेल खंगाल रही है। भोपाल में अमरीन के गिरोह पर प्रकरण दर्ज होने की भनक लगते ही यासिर अहमदाबाद से फरार हो गया था। भोपाल पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम जब अहमदाबाद स्थित अमरीन-यासिर के किराए के फ्लैट पर पहुंची तो वहां यासिर नहीं मिला। धर्मांतरण, दुष्कर्म, देह व्यापार के इस मामले में भोपाल निवासी अमरीन के भाई बिलाल, रिश्ते का भाई चानू और अहमदाबाद निवासी यासिर फरार हैं। पुलिस संजना उर्फ जन्नत की भी तलाश कर रही है। अहमदाबाद गई भोपाल पुलिस की टीम वापस आ गई है। पुलिस का कहना है कि अमरीन भोपाल में भी इसी मॉडल पर देह व्यापार करती थी।
कई लोगों को दुष्कर्म के केस में फंसाया
बागसेवनिया पुलिस को अब तक अमरीन के द्वारा सेक्स रैकेट चलाने के काफी सबूत मिले हैं। पीड़िताओं ने भी इसके आरोप लगाए हैं। ऐसे में सामने आया है कि अमरीन ने कई लोगों को दुष्कर्म के केस में फंसाया है। ऐसा एक केस कोहेफिजा थाने में दर्ज किया गया है। पुलिस उस केस को लेकर भी जांच करेगी। इसके अलावा अन्य शहरों में दर्ज ऐसे ही प्रकरणों को लेकर जांच जारी है।