दुबई में महाकाल के पुजारी इंदौर के पूर्व विधायक फंसे

पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने पीएम मोदी-अमित शाह से लगाई गुहार.
भोपाल/मंगल भारत

ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच छिड़ी भीषण जंग की तपिश अब मध्य प्रदेश के इंदौर तक पहुंच गई है। खाड़ी देशों में बिगड़ते हालातों के बीच इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला समेत शहर के कई बड़े उद्योगपति और व्यापारी दुबई में फंस गए हैं। हालात इतने डरावने हैं कि संजय शुक्ला ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर गृह मंत्री अमित शाह से मदद की गुहार लगाई है।
सामने गिर रहे हैं बम, जल्दी निकालिए
दुबई से आए वीडियो में पूर्व विधायक संजय शुक्ला की घबराहट साफ दिख रही है। उन्होंने बताया, यहां हालात बहुत खराब हैं। हमारे सामने बम गिर रहे हैं, दुबई एयरपोर्ट को भी निशाना बनाया गया है। पूरा ट्रैफिक ठप है और हम बुरी तरह फंस गए हैं। शुक्ला अपने बेटे और इंदौर के कई रसूखदार दोस्तों के साथ एक निजी शादी समारोह में शामिल होने दुबई गए थे, लेकिन अब वहां से निकलना नामुमकिन सा हो गया है। खबरों की मानें तो ईरान ने दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमले का दावा किया है। इतना ही नहीं, पर्यटकों की पसंदीदा जगह पाम जुमेराह और बुर्ज अल अरब होटल के आसपास भी तनाव चरम पर है। इसी सुरक्षा खतरे को देखते हुए दुबई सरकार ने अस्थायी रूप से एयरपोर्ट बंद कर दिया है। दुबई में बिजनेसमैन और बिल्डर फंसे दुबई में फ्लाइट कैंसिल होने से इंदौर के नेता, बिजनेसमैन और बिल्डर फंसे हुए हैं। इनमें विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, मनीष सहारा (सहारा ग्रुप), संजय अग्रवाल (अग्रवाल ग्रुप), पिंटू छाबड़ा (सी 21), गोलू पाटनी सहित अन्य लोग शामिल हैं।
पूर्व विधायक के बेटे ने सरकार से की अपील
संजय शुक्ला के बेटे सागर शुक्ला ने बताया कि उनके पिता तीन दिन पहले अपने दोस्तों के साथ व्यावसायिक काम और एक कार्यक्रम के सिलसिले में दुबई गए थे। उनसे वीडियो कॉल पर बातचीत हुई है। सागर के मुताबिक, उनके पिता के साथ भाई आकाश, पूर्व विधायक विशाल पटेल, मनीष अग्रवाल, उप्पल गोयल, आदित्य शर्मा, पिंटू छाबड़ा, प्रवीण कक्कड़ और गोलू पाटनी भी दुबई में हैं। एयर स्पेस बंद होने के कारण सभी वहां फंसे हुए हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात स्थिति गंभीर होने पर सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया। सागर का कहना है कि मोबाइल पर बातचीत के दौरान उन्होंने खुद बम धमाकों की आवाजें सुनीं। उन्होंने सरकार से अपील की है कि वहां फंसे सभी भारतीयों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाए।
महाकाल के पुजारी दुबई में फंसे
ज्योतिष सम्मेलन में हिस्सा लेने गए थे महाकाल के पुजारी दुबई में उज्जैन के मोतीबाग निवासी और महाकाल मंदिर के पुजारी विकास शर्मा भी फंसे हैं। वह पांच दिवसीय ज्योतिष सम्मेलन में हिस्सा लेने दुबई गए थे। बुर्ज खलीफा क्षेत्र में ठहरे हुए थे, लेकिन ईरान ने दुबई अलग-अलग इलाकों में हमला कर दिया। उन्होंने वीडियो जारी कर मदद की गुहार लगाई है। परिवार ने बताया कि 28 फरवरी की रात वे भारत लौटने के लिए फ्लाइट में सवार हुए थे। करीब ढाई घंटे तक विमान में बैठकर उड़ान का इंतजार करते रहे, लेकिन बाद में एयरपोर्ट अथॉरिटी ने हमले की सूचना देते हुए फ्लाइट निरस्त कर दी। इसके बाद दुबई, शारजाह और अबू धाबी एयरपोर्ट बंद किए जाने की घोषणा कर दी गई।