केंद्रीय मंत्री शिवराज शुरू करेंगे ‘मामा कोचिंग’

भोपाल/मंगल भारत

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 5 मार्च को अपने जन्मदिन पर 5 बड़े संकल्प लेने जा रहे हैं। शिवराज सिंह चौहान पर्यावरण, सेवा, सहायता, शिक्षा और प्रतिभा प्रोत्साहन को लेकर पंच प्रण ले रहे हैं। शिवराज ने अपने दोनों मंत्रालयों कृषि और ग्रमीण विकास मंत्रालय में यह परंपरा शुरू करा दी है कि विभागीय कार्यक्रमों में गुलदस्ते, शॉल, और मोमेंटो के बजाय पौधे भेंट करके स्वागत करें। अब सरकारी और पार्टी के कार्यक्रमों शिवराज स्वागत में माला, स्मृति चिन्ह शॉल लेने के बजाय एक पौधा लगाकर उसकी फोटो भेंट करने की अपील करेंगे। पर्यावरण संरक्षण की इस पहल पर उनका कहना है उपहार न दें, उपकार करें। पौधे लगाने वाले लोग एक क्यूआर कोड के जरिए अपनी फोटो पोर्टल पर अपलोड करके शिव वृक्ष मित्र बन सकेंगे।
चलित अस्पताल शुरू करेंगे
शिवराज सिंह चौहान विदिशा संसदीय क्षेत्र की आठों विधानसभाओं में चलित अस्पताल शुरू करेंगे। इन चलित अस्पतालों में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ तैनात रहेगा, जो बीमार लोगों की जांच और उपचार मुहैया कराएगा। चलित अस्पताल की व्यवस्था सांसद निधि से होगी और संचालन के लिए जनसहयोग लिया जाएगा। शिवराज सिंह चौहान अपने संसदीय क्षेत्र के दिव्यांगों को खोजकर उन्हें मोटराइज्ड ट्राई साइकिल भेंट करेंगे। इसकी शुरुआत वे विदिशा से कर चुके हैं।
टॉपर्स को करेंगे सम्मानित
शिवराज सिंह चौहान विदिशा संसदीय क्षेत्र की आठवां विधानसभाओं के 10वीं 12वीं में प्रथम, द्वितीय, तृतीय आने वाले प्रथम तीन छात्रों को सम्मानित करेंगे। इस प्रकल्प को उन्होंने प्रेम सुंदर प्रतिभा सम्मान नाम दिया है। शिवराज सिंह चौहान विदिशा रायसेन और सीहोर जिले के भेरूंडा में मामा कोचिंग शुरु करेंगे इन मामा कोचिंग में विदिशा संसदीय क्षेत्र के गरीब छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री कोचिंग मिलेगी इसमें मध्य प्रदेश पीएसी की भी मुफ्त कोचिंग कराई जाएगी।