दिल्ली हाईकोर्ट बोला- लिव-इन कानूनी न होकर भी एक तरह से विवाह के समान

लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले दो वयस्कों को पुलिस सुरक्षा देते हुए दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ताओं का लिव-इन रिलेशनशिप एक तरह से विवाह के समान है। हालांकि कानूनी रूप से नहीं। न्यायमूर्ति सौरभ बनर्जी की पीठ ने कहा कि आखिरकार, भारत में विवाह तभी मान्यता प्राप्त है जब यह दो सहमति देने वाले व्यक्तियों के बीच हो, फिर चाहे उनकी जाति, पंथ, रंग, धर्म या आस्था कुछ भी हो। अदालत ने कहा-लिव-इन में रहने वाले वयस्क पारिवारिक सदस्यों की धमकियों और हस्तक्षेप से पुलिस सुरक्षा पाने के हकदार हैं। कोर्ट ने इस बात को दोहराया कि संविधान के अनुच्छेद-19 व 21 के तहत जीवनसाथी चुनने का अधिकार है। अदालत ने कहा कि दोनों वयस्क हैं और उन्हें अपनी पसंद या इच्छा के अनुसार अपने-अपने पार्टनर को चुनने और उनके साथ रहने का पूरा अधिकार है। कोर्ट ने उक्त टिप्पणी के साथ याचिकाकर्ताओं की याचिका को स्वीकार कर लिया। याचिकाकर्ता ने लिव-इन को लेकर महिला के पिता से मिल रही धमकी से सुरक्षा की मांग की थी। दोनों वयस्क हैं और सहमति से 2024 से रिलेशनशिप में हैं और अभी साथ रह रहे हैं। दोनों के बीच एक लिव-इन रिलेशनशिप अनुबंध भी किया था। युवती के पिता इस रिश्ते से खुश नहीं थे और धमकियां दे रहे थे।
थारू जनजाति की प्रथम लोक गायिका रिंकू की मौत, ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचला
मायके से होली खेलकर स्कूटी से अपने घर जा रही थारू जन जाति की प्रथम लोक गायिका रिंकू राणा की गुरुवार को सडक़ दुर्घटना में मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। साथ ही इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। उत्तराखंड स्थित नौगजा, कल्याणपुर निवासी जनजाति की प्रसिद्ध लोक गायिका रिंकू राणा (33) पत्नी महेश राणा होली खेलने स्कूटी से अपने मायके गांव बिचपुरी खैरना गई थी। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जब वह सडक़ किनारे स्कूटी खड़ी कर किसी से बात कर रही थी। गायिका रिंकू के साथ उनकी भतीजी जिया राणा भी थी। तभी तेज गति से आ रहा ईंटों से ओवर लोड ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने उनको टक्कर मार दी। दुर्घटना में रिंकू राणा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली चालक मौके से भाग गया। आस-पास के लोगों ने घायल रिंकू राणा को उप जिला अस्पताल सितारगंज पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी भतीजी की हालत सामान्य है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी व ट्रैक्टर ट्रॉली अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि रिंकू का एक पुत्र है, जो चौथी कक्षा में पढ़ता है।
राजस्थान में पारा 40 और मध्यप्रदेश में 37.7 डिग्री पर पारा, यूपी में तापमान 34.8
देशभर में मौसम ने एक बार फिर अलग-अलग तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। उत्तर और मध्य भारत के राज्यों में तेज गर्मी होने लगी है, जबकि पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश-बर्फबारी की संभावना है। मार्च की शुरुआत के साथ ही मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है। अरब सागर में एंटी साइक्लोन बनने के कारण राजस्थान में तेजी से गर्मी बढ़ने लगी, तापमान भी बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। राजस्थान के बाड़मेर में तापमान 40 डिग्री पहुंच गया है। यहां दिन का तापमान 39 डिग्री दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश में भी दिन का तापमान बढ़ गया। प्रदेश में अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री दर्ज किया गया। मप्र के नर्मदापुरम में 37.7, सीहोर में 37.1, बड़वानी में 36.7, धार, देवास में 36.1 और रतलाम- सागर में 36.0 डिग्री दर्ज किया गया। छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री राजनांदगांव में रहा। वहीं यूपी का झांसी प्रदेश में सबसे गर्म जिला रहा। यहां तापमान 34 डिग्री के पार पहुंच गया। फतेहपुर, वाराणसी और आगरा में भी पारा 33 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में दोपहर के समय धूप तीखी रही। इससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा।
भारत का सबसे कुख्यात नक्सली गणपति नेपाल से गिरफ्तार, लाया गया भारत
भारतीय नक्सली आंदोलन के सबसे कुख्यात और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाने वाले पूर्व महासचिव गणपति को नेपाल से पकड़ा गया है। नक्सली मुप्पला लक्ष्मण राव उर्फ गणपति को नेपाल से पकडक़र भारत लाया गया है और आने वाले दिनों में उसका औपचारिक समर्पण कराया जाएगा। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने कहा कि इस तरह की सूचनाएं सामने आई हैं। सात दशक से अधिक समय से भूमिगत रहे गणपति भारतीय नक्सली आंदोलन का सबसे लंबे समय तक नेतृत्व करने वाला चेहरा रहा है। आंध्रप्रदेश के कृष्णा जिले में जन्मे गणपति छात्र जीवन में ही वामपंथी विचारधारा से प्रभावित हो गया था और धीरे-धीरे उग्र वामपंथी आंदोलन में सक्रिय हो गया। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बीजापुर जिलों की सीमा से लगे जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में पांच लाख का इनामी नक्सली राजेश पुनेम मारा गया।