छत्तीसगढ़: अफीम की खेती के आरोप में भाजपा नेता गिरफ्तार, पार्टी ने किया निलंबित

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अफीम खेती के आरोप में भाजपा किसान मोर्चा से जुड़े नेता विनायक ताम्रकार को उनके दो साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार मक्का की फसल के बीच अफीम उगाई जा रही थी और जब्त फसल की कीमत करीब 8 करोड़ रुपये आंकी गई है.

नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कथित तौर पर अफीम की खेती के मामले में भाजपा के एक नेता को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने शनिवार को भाजपा नेता विनायक ताम्रकार को उनके दो साथियों के साथ हिरासत में लिया. मामले के सामने आने के बाद भाजपा ने ताम्रकार को पार्टी से निलंबित कर दिया है.

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, यह मामला तब उजागर हुआ जब छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने संबंधित खेत का दौरा किया और वहां की तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए.

पुलिस के अनुसार 58 वर्षीय विनायक ताम्रकार भाजपा किसान मोर्चा में चावल मिल प्रोसेसिंग कार्य के लिए राज्य समन्वयक के रूप में जुड़े हुए थे. आरोप है कि दुर्ग जिले के समोदा, झेंझरी और सिरसा गांवों के बीच स्थित खेतों में अफीम की खेती की जा रही थी.दुर्ग के पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि मौके के निरीक्षण के दौरान मक्का की फसल के बीच छिपाकर अफीम के पौधे उगाए जाने का पता चला. प्रारंभिक जांच में कई लोगों की संलिप्तता सामने आई है. पूछताछ में यह भी सामने आया है कि खेती के लिए मजदूरों को इलाके के बाहर से लाया गया था. पुलिस के मुताबिक जब्त की गई अफीम की कीमत करीब 8 करोड़ रुपये आंकी गई है.

यह कार्रवाई नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, फॉरेंसिक साइंस लैब, आबकारी विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने की.

ताम्रकार के अलावा राजस्थान के जोधपुर जिले के मातोड़ा गांव के निवासी 27 वर्षीय विकास बिश्नोई और 45 वर्षीय मनीष ठाकुर को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की पूछताछ के लिए उनकी पुलिस रिमांड मांगी जाएगी.
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर कहा कि ताम्रकार प्रभावशाली व्यक्ति माने जाते हैं और उनके वरिष्ठ अधिकारियों व मंत्रियों से करीबी संबंध बताए जाते हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़े पैमाने पर हो रही इस खेती की जानकारी प्रशासन को पहले क्यों नहीं हुई.

भाजपा ने ताम्रकार को निलंबित कर दिया है, हालांकि पार्टी की ओर से इस मामले पर विस्तृत आधिकारिक बयान अभी जारी नहीं किया गया है.