झारखंड के रहने वाले लल्लन सिंह की 13 मार्च की रात मध्य प्रदेश के सिंगरौली के बधौरा स्थित अडानी पावर प्लांट में मौत हो गई. बताया गया है कि इसे लेकर ख़बर फैली कि उनकी मृत्यु कार्यस्थल पर हुए हादसे में हुई और कंपनी प्रबंधन घटना को छिपाने की कोशिश कर रहा है. इस बात से मज़दूर आक्रोशित हो उठे, जिसके बाद कंपनी परिसर में आगजनी और तोड़फोड़ की गई.

पुलिस के मुताबिक श्रमिक की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई थी.
नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बधौरा स्थित अडानी पावर प्लांट में शुक्रवार (13 मार्च) रात एक श्रमिक की मौत के बाद अन्य मजदूरों में आक्रोश फैल गया. मृतक मजदूर की पहचान झारखंड के गढ़वा जिले के रहने वाले लल्लन सिंह के रूप में हुई है.
ख़बरों के अनुसार, शुक्रवार रात प्लांट में काम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई. ऐसा बताया गया है कि उनकी मौत के बाद यह कहा जाने लगा कि उनकी मौत कार्यस्थल पर हुए हादसे में हुई है और कंपनी प्रबंधन इस घटना को छिपाने की कोशिश कर रहा है.
स्टेट्समैन के अनुसार, गुस्साए मजदूरों ने हंगामा करते हुए पुलिस की गाड़ियों समेत करीब आधा दर्जन वाहनों को नुकसान पहुंचाया और प्लांट के एक हिस्से में आग लगा दी.
शनिवार (14 मार्च) को अन्य मजदूरों ने इस घटना के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिए, जिसने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया. प्रदर्शनकारियों ने परिसर में तोड़फोड़ शुरू कर दी. 10 से अधिक वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया, 25 से ज्यादा एयर कंडीशनर तोड़ दिए गए और कंपनी के एक कार्यालय में आग लगा दी गई. जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब आक्रोशित मजदूरों ने पुलिस की जीप को भी नुकसान पहुंचाया.
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, प्लांट के भीतर करीब पांच घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. स्थिति को काबू में लाने के लिए एसडीएम, तहसीलदार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित 200 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया.
अख़बार के अनुसार, फिलहाल प्लांट में स्थिति सामान्य है. सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिसबल की तैनाती है. वहीं 400 से अधिक मजदूर अपना सामान लेकर अपने घरों के लिए रवाना हो गए हैं.
पुलिस के मुताबिक, अभी तक इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है. तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान वीडियोग्राफी के जरिए की जाएगी और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
एसडीएम नंदन तिवारी ने दैनिक भास्कर को बताया कि संक्षिप्त पोस्टमॉर्टम में पुष्टि हुई है कि लल्लन की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई थी.
तिवारी ने बताया कि मजदूरों ने प्रदर्शन के दौरान काम के घंटों को लेकर शिकायत सहित अन्य मुद्दे भी उठाए. प्रशासन ने उन्हें आश्वासन दिया है कि उनकी चिंताओं पर कंपनी प्रबंधन के साथ चर्चा की जाएगी.